Latestकोलकातावेस्ट बंगाल

प. बंगाल विस चुनाव को लेकर किया भाजपाईयों ने मंथन

दिल्ली में बंगाल के भाजपा नेताओं का हुआ जुटान

कोलकाता। विधानसभा चुनाव 2021 के मद्देनजर बंगाल प्रदेश भाजपा ने तृणमूल सरकार के खिलाफ रणनीति बनाने की कवायद शुरू कर दी है। ममता सरकार के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा तय करने के लिए नयी दिल्ली में भाजपा नेताओं की बैठकों का दौर शुरू हो गया है। भाजपा के महासचिव व केंद्रीय प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, केंद्रीय सह प्रभारी शिव प्रकाश जी व अरविंद मेनन, राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा, केंद्रीय कमेटी के सदस्य मुकुल राय, प्रदेश सह संगठन प्रभारी अमिताभ चक्रवर्ती सहित अन्य बैठक में मौजूद थे।

बंगाल के भाजपा सांसदों के साथ बैठक में बुधवार को आंदोलन की अंतिम रूपरेखा तय की जायेगी। भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बैठक में आने वाले दिनों में क्या-क्या करना है, उस पर चर्चा हुई। कुछ कार्यक्रम बने हैं। बैठक मंगलवार को भी जारी रहेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बंगाल दौरे और वर्चुअल मीटिंग पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि पूजा के पहले और पूजा के बाद के क्या-क्या कार्यक्रम होंगे, तय किये गये। वह शीघ्र ही केंद्रीय गृह मंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलेंगे और उनके समयानुसार वर्चुअल मीटिंग तय होगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि बंगाल में लोकतंत्र विरोधी सरकार है। इस सरकार के बंगाल में रहते निष्पक्ष व स्वतंत्र चुनाव संभव नहीं है। राज्य की पूरी परिस्थिति पर विचार-विमर्श किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने कहा कि बैठक में जनसंपर्क बढ़ाने पर चर्चा हुई। पूजा के दौरान जनसंपर्क चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि बंगाल में लोकतंत्र नहीं है। माओवादी गतिविधियां बढ़ रही हैं। धार्मिक कारणों से आतंकवादियों को प्रश्रय दिया जा रहा है। श्री सिन्हा ने कहा कि बिगड़ी कानून-व्यवस्था की स्थिति, चक्रवात के दौरान लूट, कोरोना से मुकाबले में विफलता, कट मनी, चोरी, हत्या व विरोधियों के अधिकारों के हनन समेत तमाम मुद्दों को लेकर भाजपा वर्चुअल व फिजिकल दोनों ही आंदोलन करेगी। बंगाल आतंकवादियों का मूल ठिकाना बन गया है। केंद्रीय एजेंसी को बंगाल में काम नहीं करने दिया जा रहा है।

Please follow and like us:
Show Buttons
Hide Buttons