LatestNewsTOP STORIESकोडरमागिरिडीहझारखण्डदेशराँची

गीतों में अमर रहेंगी स्वर सम्राज्ञी लता मंगेशकर

  • आज भारतीय संगीत के एक युग का हुआ अंत
  • बड़ी मशक्कत से हासिल की थी ये मुकाम, कोई नही था उनके बराबरी में

रिंकेश कुमार
आज भारतीय संगीत के एक युग का अंत हो गया। स्वर सम्राज्ञी लता मंगेशकर अब हमारे बीच नहीं रहीं, लेकिन अपने गीतों के माध्यम से वह हमेशा अमर रहेंगी। प्रारंभ में उनके लिए ़िफल्म संगीत में स्थान बनाना आसान नहीं था। तब उनके जीवन-संगीत व संघर्ष दोनों एक साथ थे। वह संघर्ष से पीछे नहीं हटीं। चलती रहीं। इसी गति से उनकी स्वर लहरी फिजाओं में गूंजने लगी। भारतीय फिल्मों में संगीत पक्ष बेजोड़ रहा है। इस ओर सदैव बड़ी शिद्दत से ध्यान दिया जाता है।

अनेक फिल्में गीत व संगीत के चलते सुपर हिट होती रही हैं। इनके गीत लोगों की जुबान पर रहते हैं। इस आधार पर लता मंगेशकर की बराबरी करने वाला कोई नहीं है। उन्होंने जब गायन प्रारंभ किया था तो उस समय सुरैया व नूरजहां का जलवा हुआ करता था। दोनों गायिका होने के साथ सुप्रसिद्ध नायिकाएं भी थीं। लता के लिए अपना मुकाम बनाना कठिन था। फिर भी लता शिखर पर सुशोभित हुईं। उनके गीतों में बेसुमार रंग है। कुछ आनन्द को बढ़ाते हैं। कुछ उदास मन को सहारा देते हैं। कुछ बहलाते हैं। भारतीय फिल्म संगीत ने लंबी यात्रा तय की है। इसमें सर्वाधिक योगदान लता मंगेशकर का रहा है। इस संगीत यात्रा के अनेक पड़ाव है। प्रत्येक पड़ाव की अलग अलग विशेषताएं रही हैं।

लता मंगेशकर ने अपने को प्रत्येक पड़ाव के लिए उपयुक्त व सामयिक प्रमाणित किया। गीतों की संरचना बोल व संगीत में बदलाव होते रहे। पीढ़ियों के अंतर से पसंद नापंसद भी बदलती रही, लेकिन प्रत्येक दौर में लता मंगेशकर की प्रासंगिकता कायम रही। उनकी आवाज हमेशा दिल की गहराइयों तक उतरती रही। राग अनुरागियों के लिए भी लता के गीतों का महत्व होता है। वह उनके गीतों में उतर कर विश्लेषण करते हैं। उनमें राग तत्व की तलाश करते हैं। उनकी समीक्षा करते हैं। तभी उनको लता बहुत से गीतों में अनेक रागों की झलक दिखाई देती है। इनमें भैरवी, नट भैरवी, पहाड़ी, चमन, पीलूराग मल्हार, मरु विहग, किरवानी, खमाज, शिव रजनी, सारंग, यमन कल्याण, भीम प्लासी दरबारी, भोपाली आदि अनेक शास्त्रीय राग शामिल है। पहले फिल्मी गीतों की रचना शास्त्रीय आधार पर होती थी। इसलिए पूरे गीत में एक ही राग होता था। बाद में राग रागनियों के प्रति आग्रह नहीं रहा। तब भी एक गीत में अनेक राग समाहित रहते थे।

अब तक की फिल्मों में डेढ़ सौ से अधिक रागों का समावेश देखा गया है। एक गीत को समय-समय पर अलग-अलग स्वर व विधि से गाया गया। पाकीजा फिल्म के गीत-इन्हीं लोगों ने ले लिया दुप्पटा मेरा को लता ने स्वर दिया। यह बहुत लोकप्रिय हुआ था, लेकिन यह पहली बार किसी फिल्म में नहीं आया था। पाकीजा के पहले 1941 की फिल्म हिम्मत में यह गीत शमशाद बेगम ने गया था। 1943 में इस गीत को एक फिल्म में पुरुष गायक जी एस दुर्रानी ने स्वर दिया था। लता जी द्वारा गया गया गीत अमर हो गया। इसी प्रकार मुगले आजम का गीत, मोहे पनघट पे नन्दलाल छेड़ गयो रे.., लता ने गया था। जबकि 1936 में इंदुबाला ने इसे राग पीलू में गया था। लता मंगेशकर के गीतों में चमक व स्थायित्व है।

लता का जीवन केवल संगीत जगत के लिए ही नहीं सभी के लिए प्रेरणादायक है। उनके परिवार में संगीत का माहौल था। पिता दीनानाथ मंगेशकर गायक थे। नन्हीं लता उनसे प्रेरणा लेती थी। उनसे सीखने का प्रयास करती थी लेकिन यह संगत ज्यादा नहीं चल सकी। दीनानाथ मंगेशकर का आकस्मिक निधन हो गया। तब लता मात्र तेरह वर्ष की थीं। इस अल्प आयु में उनके ऊपर अपनी, चार बहन और एक भाई की जिमेदारी आ गई। लता भाई बहनों में सबसे बड़ी थीं। यह उनके विधिवत संगीत शिक्षा ग्रहण करने की अवस्था थी लेकिन परिवार के भरण पोषण में यह संभव नहीं हो सका। संगीत के साथ-साथ उनके जीवन में संघर्ष भी आ गया था। एक फिल्म के समूह गायन में अवसर मिला था लेकिन संगीतकार ने कहा कि उनकी आवाज बहुत महीन है। यह आवाज फिल्मी गायन के उपयुक्त नहीं है। वह लता की प्रतिभा को समझने में नाकाम थे। जिस आवाज को वह नकार रहे थे, उसने कई दशकों तक लोगों के दिलों पर राज किया। उनके ना रहने के बाद भी यह स्वर जीवंत बना रहेगा। एक साथ कई पीढ़ियों की नायिकाओं को उन्होंने स्वर दिया।

पात्र बदलते रहे। समय अपनी गति से आगे बढ़ता रहा लेकिन लता जी के गायन की ताजगी यथावत बनी रही। तेरह वर्ष की आयु में भी लता मंगेशकर संघर्ष से पीछे नहीं हटी। एक समय ऐसा भी आया जब उनके गाने रेडियो पर प्रसारित होने लगे। इसके बाद ही उन्होंने अपने परिवार के लिए रेडियो खरीदा था। इसके पहले उनके परिवार की ऐसी स्थिति भी नहीं थी। इनके भाई व आशा भोसले सहित अन्य दोनों बहनों ने संगीत में विशेष मुकाम बनाया। लता ने छत्तीस से अधिक भाषाओं में गीत गाए हैं। यह अपने आप में एक कीर्तिमान है। नवयुग चित्रपट मूवी कंपनी के मालिक मास्टर विनायक उनके पिता के मित्र थे। उन्होंने लता को गायन व अभिनय हेतु प्रेरित किया। परिवार की जिम्मेदारी उठाने के लिए उन्होंने कई हिंदी और मराठी फिल्मों में अभिनय किया। इनमें उनकी भूमिका सीमित रहती थी। इसी समय सदाशिवराव नेवरेकर ने एक मराठी फिल्म में उन्हें गाने का अवसर दिया था। लता ने गाना रिकॉर्ड भी किया। लेकिन फिल्म के फाइनल कट से वो गाना हटा दिया गया। 1942 में रिलीज हुई मंगला गौर में लता का गाना शामिल हुआ। इसके तीन वर्ष बाद उनका परिवार मुम्बई आ गया। कुछ समय उन्होंने उस्ताद अमन अली खान से भारतीय शास्त्रीय संगीत सीखा। इसी वर्ष फिल्म बड़ी मां फिर आपकी सेवा में लता ने गाना गाया। इससे उन्हें प्रारंभिक पहचान मिली। निर्माता शशधर ने लता को अपनी फिल्म में गाने का मौका नहीं दिया था।

गुलाम हैदर ने लता को मौका दिया। यहीं से लता की उन्नति का मार्ग प्रशस्त हुआ। 1949 में महल के गीत- आएगा आने वाला से संगीत का लता मंगेशकर युग प्रारंभ हुआ था। लता का नाम स्वयं में एक पुरस्कार व सम्मान का प्रतीक बन गया था। सत्तर के दशक में उन्होंने फिल्मफेयर के सर्वश्रेष्ठ गायिका का पुरस्कार लेने से इंकार कर दिया था। उनका कहना था कि उन्हें बहुत सम्मान मिला। अब यह मौका नए लोगों को मिलना चाहिए। उनको भारत रत्न, पद्म भूषण, दादा साहेब फाल्के पुरस्कार, पद्म विभूषण सम्मान से भी सुशोभित किया गया था।

Please follow and like us:
Show Buttons
Hide Buttons