Latestझारखण्डदेश

झारखंड में दिखा अजीब नजारा, पुलिस ने पुलिस पर किया लाठीचार्ज और पथराव

सीएम आवास और राजभवन का घेराव करने जा रहे थे सहायक पुलिसकर्मी
जिला पुलिस बल द्वारा रोके जाने पर हुए उग्र, तोड़ा बैरिकेडिंग

रांची। स्थायीकरण की मांग को लेकर सहायक पुलिसकर्मियों का आंदोलन शुक्रवार को उग्र हो गया। आंदोलन के सातवें दिन शुक्रवार को मोरहाबादी मैदान में डटे सहायक पुलिसकर्मी करीब तीन बजे राजभवन और सीएम हाउस के घेराव के लिए निकले। इस दौरान वेलोग पहले से लगे बैरिकेडिंग के पास पहुंचे। लेकिन पहले से तैनात रैपिड एक्शन फोर्स और जिला बल के जवानों ने उन्हें वापस जाने को कहा। इस दौरान सहायक पुलिसकर्मी उग्र हो गए और बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। इसके बाद स्थिति को संभालने के लिए जिला पुलिस बल ने आंसू गैस के गोले दागने के साथ ही सहायक पुलिसकर्मियों पर लाठीचार्ज कर दिया। जिसके बाद सहायक पुलिसकर्मियों ने भी पुलिस बल पर पथराव कर दिया। जिससे जिला पुलिस बल के साथ साथ कई सहायक पुलिस कर्मी भी घायल हो गये।

पुलिस जवानों को समझाने पहुंचे एसएसपी सहित उच्चअधिकारी

सहायक पुलिसकर्मियों के उग्र होने की सूचना के बाद एसएसपी सुरेंद्र झा, सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर लोकेश मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे और सहायक पुलिसकर्मियों से बातचीत करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने में जुट गए। इस क्रम में लाठीचार्ज और पथराव में घायल जिला पुलिस जवान और सहायक पुलिसकर्मियों को एंबुलेंस के जरिए रांची रिम्स में भर्ती कराया गया।

शनिवार से स्थायीकरण की मांग को लेकर मोरहाबादी मैदान में डटे है सहायक पुलिसकर्मी

बताया जाता है कि स्थायीकरण की मांग को लेकर झारखंड के 12 नक्सल प्रभावित जिले से आये करीब 2500 सहयक पुलिसकर्मी बीते शनिवार से मोरहाबादी मैदान में जुटे हुए थे। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक मोरहाबादी मैदान से निकलकर राजभवन और सीएम आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़े और उनका सामना बैरिकेडिंग के पास मौजूद जिला पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों से हो गया। सहायक पुलिसकर्मियों ने बल प्रयोग कर बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। फिर स्थिति को संभालने और सहायक पुलिसकर्मियों को मोरहाबादी मैदान खदेड़ने के लिए जिला पुलिस बल को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके जवाब में सहायक पुलिसकर्मियों ने भी जिला पुलिस पर पत्थरबाजी भी की।

Please follow and like us:
Show Buttons
Hide Buttons