LatestNewsझारखण्ड

कोडरमा में विस्फोटक का अवैध कारोबार करने वाले भाजपा नेता गिरफ्तार

एक जुलाई को वाहन जांच के क्रम में 400 पीस पावर जेल विस्फोटक किया था बरामद

कोडरमा। नवलशाही थाना की पुलिस ने विस्फोटक का अवैध कारोबार करने के आरोप में भाजपा नेता देवेंद्र प्रसाद मेहता को गिरफ्तार कर लिया है। भाजपा नेता की गिरफ्तारी गुरुवार देर रात डोमचांच के काली मंडा स्थित उनके आवास से हुई। शुक्रवार को आरोपी नेता को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार 1 जुलाई को नवलशाही थाना क्षेत्र के मसमोहना में पुलिस ने वाहन जांच के क्रम में भारी मात्रा में उनके वाहन से विस्फोटक बरामद किया था। उस समय मोटरसाइकिल जेएच 12ए-1341 से 400 पीस पावर जेल विस्फोटक ले जाते दो युवकों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों में डोमचांच नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड पार्षद नीलकंठ मेहता का पुत्र नवीन कुमार (निवासी महेशपुर) व बेहराडीह निवासी प्रकाश मेहता का पुत्र संदीप मेहता शामिल थे।

भाजपा नेता देवेंद्र मेहता के मैगजीन हाउस से हुई थी विस्फोटकों की सप्लाई

आरोपियों ने उस समय बताया था कि उक्त विस्फोटक को जयनगर थाना क्षेत्र में सप्लाई करने के लिए ले जा रहे हैं। पुलिस ने बरामदगी को लेकर थाना कांड संख्या 54/20 दर्ज किया था। बताया जाता है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को यह जानकारी मिली थी कि विस्फोटकों की सप्लाई भाजपा नेता देवेंद्र प्रसाद मेहता के मैगजीन हाउस से हुई थी। देवेंद्र के नाम से डोमचांच थाना के गैठीबाद में मां गंगा एक्सप्लोसिव मैगजीन है। विस्फोटक के अवैध कारोबार में नाम आने के बाद से ही अभियुक्त देवेंद्र मेहता की तलाश पुलिस कर रही थी। थाना प्रभारी अब्दुल्लाह खान ने बताया कि आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर किया गया है।

Please follow and like us:
Show Buttons
Hide Buttons