फिर पलटी मुंबई से आ रही यूपी पुलिस वाहन, गैंगस्टर फिरोज की मौत
मध्य प्रदेश के गुना जिले में हुई कार दुर्घटना
मध्य प्रदेश। मुंबई से एक गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लखनऊ ले जा रही यूपी पुलिस की निजी गाड़ी मध्य प्रदेश के गुना जिले में पोखरिया पुरा टोल के पास रविवार सुबह पलट गई। आरोपित फिरोज अली की हादसे में मौके पर मौत हो गई, जबकि एक सब इंस्पेक्टर व सिपाही समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को ब्यावरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना ने हाल ही में घटित हुए विकास दुबे कांड की याद दिला दी है। ठीक ऐसे ही 10 पुलिसकर्मियों की हत्या का आरोपी विकास दुबे को उज्जैन से लाते समय कानपुर से पहले यूपी पुलिस की गाड़ी पलट गई थी। बाद में घटनास्थल से भागते समय विकास दुबे का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया था। इसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
मुंबई से गैंगस्टर फिरोज को गिरफ्तार कर लखनऊ ले जा रहे थे पुलिस
पुलिस के अनुसार 58 वर्षीय फिरोज उर्फ शमी बहराइच जिले के थाना कोतवाली के दरगाह शरीफ घंटा घर का रहने वाला था। लखनऊ के ठाकुरगंज थाने में वर्ष 2014 में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज था। उसी वक्त से वह फरार चल रहा था। उसे गिरफ्तार करने के लिए सब इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद पाण्डेय, कांस्टेबल संजीव सिंह और आरोपित के साढ़ू भाई अफजल पुत्र मुन्ना खान के साथ मुंबई गए थे। फिरोज मुंबई के नाला सोपारा इलाके की झुग्गी बस्ती में रह रहा था। मुंबई से फिरोज की गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम शनिवार को लखनऊ के लिए रवाना हुई और रविवार सुबह साढ़े छह बजे हादसे का शिकार हो गई। हादसे में फिरोज की मौत हो गया। जबकि अफजल खान का हाथ फ्रैक्चर हो गया। वहीं पुलिसकर्मी संजीव, जगदीश प्रसाद, वाहन चालक सुलभ मिश्रा घायल हुए है। जगदीश प्रसाद ने गुना के पुलिस अधिकारियों को बताया कि सड़क पर अचानक गाय सामने आ गई थी। उसे बचाने में वाहन पलट गया।