मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का शताब्दी समारोह ऑनलाइन संपन्न
पूर्व महासचिव और पोलिट ब्यूरो सदस्य प्रकाश कारात ने दिया व्याख्यान
कोडरमा। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी झारखंड राज्य कमिटी के द्वारा रविवार को पार्टी के शताब्दी समारोह का ऑनलाइन आयोजन किया गया। समारोह में पूर्व महासचिव और पोलिट ब्यूरो सदस्य प्रकाश कारात ने व्याख्यान दिया। उनके व्याख्यान को कोडरमा जिले के कार्यकर्ताआंे व समर्थकों ने लैपटॉप और ऐंड्रॉयड फोन के माध्यम से लाइव सुना। अपने व्याख्यान में सीपीएम पोलिट ब्यूरो सदस्य प्रकाश करात ने कहा कि भारत में कम्युनिस्ट पार्टी के गठन के बाद गुजरी शताब्दी, आधुनिक भारत के इतिहास का एक गौरवपूर्ण अध्याय रहा है। कम्युनिस्ट पार्टी के सौ बरसों का दौर जबर्दस्त संघर्षों का रहा है।
कम्युनिस्ट आंदोलन की विरासत को संभालने का आह्वान
कहा कि अपनी स्थापना के समय से ही कम्युनिस्ट समसामयिक, विकासशील घटना विकास का वैज्ञानिक भौतिकवादी विश्लेषण लेकर आए थे और जनता की जीवन दशा और स्वतंत्र भारत के राजनीतिक ढाचों में सुधार के लिए आवश्यक समाधान प्रस्तुत कर रहे थे। स्वतंत्रता संग्राम में कम्युनिस्ट पार्टी की भूमिका का जिक्र करते हुए उन्होने कहा कि ब्रिटिश साम्राज्यवादी अपने खिलाफ कम्युनिस्टों को एक बड़ा खतरा मानते थे। कहा कि आज जो लोग सत्ता में हैं, वे आजादी के संघर्ष मे ब्रिटिश सरकार का समर्थन कर रहे थे। उन्होंने कम्युनिस्ट आंदोलन की विरासत को आगे बढ़ाने और वर्तमान चुनौतियों का मुकाबला करने का आह्वान किया।