रांची से बंगाल-बिहार जाने वालों को मिलेगी राहत, चलेंगी कई ट्रेनें
कोलकाता/रांची। त्योहारी सीजन में रांची से बिहार और पश्चिम बंगाल की यात्रा करनेवाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रांची रेलवे स्टेशन से बिहार और बंगाल के लिए जल्द ही ट्रेनें चल सकती हैं। अधिकारियों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। और तो और, दिल्ली के लिए भी एक ट्रेन शुरू करने की तैयारी है। जानकारी के अनुसार त्योहारों को देखते हुए कई ट्रेनों का परिचालन किया जायेगा।
मालूम हो कि कोरोना महामारी को लेकर लागू लॉकडाउन से पहले रांची रेलवे स्टेशन से 54 ट्रेनें चलती थीं। लॉकडाउन के बाद सभी ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया है। अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होते ही रांची से दिल्ली के लिए राजधानी स्पेशल ट्रेन और रांची से पटना के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन चलायी गयी हैं। अभी कुछ दिन पहले ही रांची से गुजरने वाली ट्रेन सिकंदराबाद दरभंगा एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की गयी है। जबकि रांची पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस को कुछ दिन पहले ही बंद कर दिया गया था। अब इस ट्रेन को फिर से पटरियों पर दौड़ाने की तैयारी है।
जानकारी के मुताबिक राज्य सरकार को इसके लिए रेलवे की ओर से पत्र भेजा गया है राज्य की हेमंत सोरेन सरकार की हरी झंडी मिलते ही रांची पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस दौड़ने लगेगी। दरअसल, रांची से बिहार और बंगाल के लिए कई ट्रेनों की जरूरत है। लिहाजा, रांची से हावड़ा और बिहार जाने वाली ट्रेनें जल्द शुरू की जायेंगी। साथ ही दिल्ली के लिए भी अधिक संख्या में यात्री निकल रहे हैं। सो, दिल्ली के लिए भी एक ट्रेन के परिचालन की कोशिश की जा रही है।