LatestNewsTOP STORIESगिरिडीहझारखण्डराँचीराज्य

मोंगिया स्टील, सलूजा गोल्ड व लाल फेरो में आयकर विभाग की बड़ी कारवाई

  • कार्रवाई में शामिल है झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के करीब सौ से अधिक अधिकारी
  • 15 दिनों के अंदर गिरिडीह में दूसरी बार आयकर विभाग की धमक से उद्योगपतियों में हड़कंप

गिरिडीह। गिरिडीह के नामचीन टीएमटी कंपनी मोंगिया स्टील समूह व सलूजा गोल्ड के अलावे लाल फेरो में बुधवार की सुबह-सुबह रांची आयकर विभाग की धमक से उद्योगपतियों में खलबली मच गई है। जानकारी के अनुसार रांची आयकर विभाग के वरीय अधिकारी प्रदीप डुंगडुंग के नेतृत्व में करीब सौ से अधिक विभागीय अधिकारियों के द्वारा आयकर सर्वे की कारवाई शुरू हुई है।

आयकर विभाग की टीम मोंगिया स्टील समूह के संतपुरिया सहित उसके औधोगिक इलाके के कई ठिकानों के साथ मोंगिया समूह के चेयरमैन डॉक्टर गुणवंत सिंह सलूजा, सलूजा गोल्ड समूह के अमरजीत सिंह सलूजा के आवासीय कार्यालय और कोलकाता के कई ठिकानों में एक साथ पहुंचे और आयकर सर्वे की कार्रवाई शुरू की। इस क्रम में आयकर विभाग की टीम लाल फेरो के साथ ही लाल फेरो के मालिक चेतु साहू व उनके भाई गांगो साहू के घर पर भी आयकर विभाग की टीम पहुंची हुई है। टीम में शामिल अधिकारी सभी ठिकानों में सारे कागजात को खंगालने में जुटे हुए है।

बताया जाता है कि इस कारवाई में गिरिडीह आयकर विभाग के अधिकारी को दूर रखा गया है। जानकारी के अनुसार तीस चारपहिया वाहनों से करीब सौ से अधिक आयकर विभाग के अधिकारी गिरिडीह पहुंचे हुए है। जिसमें झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के अधिकारी शामिल हैं। कारवाई में रांची जिला पुलिस बल के जवानों को भी शामिल किया गया है। आयकर विभाग के सूत्रों की माने तो कारवाई अगले दो से तीन दिनों तक चलने की बात कही जा रही है।

विदित हो कि पंद्रह दिन पूर्व बालमुकुंद स्टील में भी आयकर विभाग की छापेमारी हुई थी। वहीं 15 दिनों के अंदर आयकर विभाग की गिरिडीह में यह दूसरी बड़ी कारवाई होने से आद्योगिक घरानों में खलबली मची हुई है।

Please follow and like us:
Show Buttons
Hide Buttons