LatestTOP STORIESदेशपॉलिटिक्सबिहार

मसखरी और किस्सागोई से वोट जुटाने में माहिर राजनेता

मुरीदों के साथ विरोधियों को भी इस बार लालू प्रसाद यादव की चुनाव में नामौजूदगी खलेगी

पटना। वोट जुटाने के लिए मसखरी और किस्सागोई का नपा तुला सहारा लेने वाले लालू प्रसाद यादव की नामौजूदगी उनके मुरीदों के साथ विरोधियों को भी खलेगी। बिहार विधानसभा चुनाव में उनकी गैरमौजूदगी से माहौल फीका लग रहा है। जनता की नब्ज पहचानने वाले लालू यादव की चुनावी सभाएं खास हुआ करती थीं। जनता के दिलों में जगह बनाने की उनकी अपनी निराली शैली थी। 2015 में लालू ने 33 दिनों में अकेले 252 सभाएं की थीं। अपने सम्मोहक भाषणों से वे लोगों को समझाने में कामयाब हो जाते थे कि उनकी आशाएं नरेंद्र मोदी नहीं बल्कि वे और नीतीश कुमार पूरा करेंगे।

लालू ने जनसंवाद की अपनी खास अदा से वो असर पैदा किया कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी बेअसर हो गयी थी। 2015 में नरेंद्र मोदी ने 26 सभाएं की थीं तो अमित शाह ने 85 रैलियों में जोर लगाया था। बावजूद इसके भाजपा जीत नहीं पायी थी। चारा घोटला में सजायाफ्ता होने और चुनाव लड़ने से अयोग्य ठहराये जाने के बाद भी लालू ने अपनी खास अदा से कमाल कर दिया था। वर्ष 2020 के चुनावी सीन में लालू नहीं हैं तो अब राजद को ऐसे करिश्मे से महरूम रहना पड़ेगा।

लालू ने चुनाव का ऐलान होते ही जेल से ट्वीट कर राजद में जोश फूंकने की कोशिश की है। इस बार तो पहले की तरह चुनावी सभाएं भी नहीं होंगी। वर्ष 2015 के चुनाव प्रचार में लालू यादव ने वैशाली में एक भाषण दिया था जिसे उत्तेजक बताया गया था। इसके खिलाफ केस भी हुआ था। एक दिन बाद 30 सितंबर को लालू जमुई में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा को भरम फैलाने वाली और ढोंगी पार्टी बताने के लिए एक दिलचस्प किस्सा सुनाया। लालू ने कहा- ”ई पाटी ने तो गणेशे जी के ठग लिया। गणेश जी के ठगे वाला पाटी से लड़ाई हऊ। हम थे उस समय अमेरिका में। राबड़ी देवी हमको फोन किया, कहां बानी? त हम कहनी कि अमेरिका में बानी। अपने दाहिने हाथ को लालू यादव ने कान के पास ले जाकर ऐसे मोड़ लिया जैसे कि सचमुच फोन उठा रखा हो। लालू ने आगे कहा, राबड़ी देवी से हम पूछनी, का बात बा? तो राबड़ी देवी बोलीं, एहिजा त घरे, घरे लोग गणेश जी के दूछ पियावता। हम पूछनी कि तेहूं पिया देले का? त राबड़ी देवी कहली कि हां, हमहूं पिया देहनी। लालू यादव ने भीड़ की तरफ देखा और हंस के कहा, देखे कैसे लोग बात में आ जाते हैं। देखना ई धोखा देने वाली पार्टी (भाजपा) है। होशियार रहना।” जमुई झारखंड की सीमा पर बसा जिला है जहां को लोग भोजपुरी बिल्कुल नहीं समझते। लेकिन लालू यादव ने मंच पर ऐसा समां बांधा कि लोग भाषा भेद भूल कर उनकी बातों का आनंद लेने लगे।

वर्ष 2015 में नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार थमने से ठीक पहले एक भाषण में कहा था- नीतीश जी, लालू जी, सोनिया बहन, आपका हारना तय है। आपका डूबना तय है। अब आप ये बताइए कि विपक्ष का नेता कौन होगा, लालू जी का बेटा होगा या नीतीश बाबू होंगे? तब लालू ने कहा था कौन है नरेंद्र मोदी? ई कहता था कि 56 ईंच का है सीना मेरा, पाकिस्तान को पटक देंगे, चीन को खदेड़ देंगे। लेकिन हम इसका सीना नापे तो बत्तीसे इंच का निकला। मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान ये सवाल उठाया था कि लालू, नीतीश और राहुल गांधी एक मंच पर साथ-साथ क्यों नहीं दिखायी पड़ते? जब अभी इनकी पटरी नहीं बैठ रही तो चुनाव के बाद ये कैसे मिल कर काम करेंगे? तब लालू ने जनसभा में कहा था- हम और नीतीश आपस में लड़ रहे थे। नीतीश मेरी टांग खींच रहे थे और मैं नीतीश की टांग खींच रहा था। दो पिछड़े नेता लड़ रहे थे। हमारे नया समधी मोलायम सिंह यूपी में अलगे ठान रहे थे। मायावती अलगे थीं। बंगाल में ममता बनर्जी अलगे लड़ रहीं थीं। नरेंद्र मोदी इस फूट का फायदा उठाये। आप लोग कहावत सुने न हैं, घर फूटे गंवार लूटे। लेकिन अब बिहार में हम और नीतीश एक साथ हैं। नरेंद्र मोदी को उखाड़ फेंकेंगे।

लालू ने वर्ष 2015 में बिहार चुनाव को देश का चुनाव बताया था है। उन्होंने कहा था कि इस चुनाव से राजनीति का एक नया रास्ता निकलेगा। लालू ने मजाक मजाक में तभी इशारा कर दिया था कि तेजस्वी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं। इन्होंने कहा था- हम बारात लेके निकल पड़े हैं। हमारे बराती में नीतीश दूल्हा हैं। साथ में एगो सहबलियो (तेजस्वी) है। लेकिन बीजेपी के बरात में त कवनो दूल्हे न हऊ। मोदी और अमित शाह के धुआंधार प्रचार के बाद भी लालू को जीत का भरोसा था। वे पिछले 10 साल से सत्ता से दूर थे। लेकिन उन्होंने अपने अनुभव से हवा का रुख भांप लिया था।

लालू यादव ने जीत के बाद एक बड़ी बात कही थी। अगर वे इस बात पर कायम रहते तो नीतीश शायद आज भाजपा के साथ नहीं होते। 8 नवंबर 2015 को लालू यादव ने कहा था कि बिहार की गरीब जनता ने हमें बहुत बड़ा जनादेश दिया है। अगर हमारे अंदर किसी तरह की कोई बात (खटपट) हुई तो जनता कभी भी हम लोगों को माफ नहीं करेगी। हम लोगों को इस बात का अहसास है। लेकिन दो साल बाद ही लालू यादव इस बात को भूल गये। तेजस्वी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप ने लालू और नीतीश के बीच ऐसी कटुता पैदा कर दी कि बिहार की राजनीति ने यू टर्न ले लिया। आज लालू चुनावी मैदान से दूर हैं लेकिन दूर बैठे वे जरूर सोच रहे होंगे 2015 का राजनीतिक प्रयोग आखिर दो साल में ही क्यों फेल हो गया?

Please follow and like us:
Show Buttons
Hide Buttons