झारखंड के लोकायुक्त डीएन उपाध्याय का दिल्ली के एम्स में निधन
- 15 मई को हुए थे कोरोना पॉजीटिव
- अधिवक्ता संघ सहित अन्य में शोक की लहर
रांची। झारखंड के लोकायुक्त डीएन उपाध्याय का दिल्ली के एम्स में मंगलवार को निधन हो गया। स्व0 उपाध्याय 15 मई को कोरोना पॉजीटिव हुए थे। उन्हें 18 मई को रांची के बरियातू स्थित अस्पताल में दाखिल कराया गया था। स्थिति में सुधार नहीं होने पर मेडिका अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहां भी कोई सुधार नहीं होने पर उन्हें एम्स में दाखिल कराया गया था। वे 9 फरवरी 2016 को झारखंड के लोकायुक्त नियुक्त किये गये थे और फरवरी 2022 में लोकायुक्त पद से सेवानिवृत्त होने वाले थे। स्व0 डीएन उपाध्याय के निधन से न्यायिक जगत, उनके मित्र और जमशेदपुर में उनके साथ कार्य कर चुके अधिवक्ताओं में शोक का माहौल है।
डीएन उपाध्याय मूलरूप से बिहार के रहने वाले थे। जमशेदपुर के साकची के शीतला मंदिर के पास राजेंद्रनगर में उनका मकान है। शिक्षा-दीक्षा जमशेदपुर आरडी टाटा स्कूल और कोआपरेटिव कालेज में ही हुई थी। 1992 से 1996 तक जमशेदपुर जिला बार एसोसिएशन के महासचिव पद पर रहे। 1997 में न्यायिक सेवा में आ गए। झारखंड के गिरिडीह के अपर जिला जज बनाए गए थे। धनबाद, साहेबगंज और गिरिडीह के जज भी रहे। 31 जनवरी 2013 को झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश रहे। इससे पहले 27 अप्रैल 2011 को झारखंड उच्च न्यायालय के सहायक न्यायाधीश बनाए गए थे।
अखिल भारतीय अधिवक्ता कल्याण समिति के राष्ट्रीय मंत्री भी थे। डीएन उपाध्याय के निधन पर झारखंड स्टेट बार कौंसिल के वाइस चेयरमैन राजेश कुमार शुक्ल, अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू, जमशेदपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष लाला अजीत कुमार अंबष्टा, सचिव अनिल कुमार तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य गौरव कुमार पाठक, सह सचिव राजहंस तिवारी, पवन कुमार तिवारी समेत अन्य ने शोक प्रकट किया है।