झामुमो ने अलग झारखंड राज्य आंदोलन को बेचने का किया है कार्य:बाबूलाल
अलदुमका केे बेलियाजोर के मसलिया प्रखण्ड में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे मरांडी
कहा झारखंड अलग राज्य के निर्माण में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल जी का था महत्वपूर्ण योगदान
दुमका। झारखंड के दुमका और बेरमो में हो रहे उपविधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। साथ ही नेताओं के बीच जुबानी हमले भी शुरू हो गये है। इसी बीच राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन पर अलग राज्य के नाम पर कांग्रेस से पैसे लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि झामुमो कभी नहीं चाहता था कि झारखंड अलग राज्य बने। उन्होंने कहा कि आंदोलन के नाम पर झामुमो कांग्रेस से पैसा लेता रहा है और आंदोलन को झारखंडी अस्मिता को दांव पर लगाते रहे। कहा कि झामुमो हमेशा यह कहता है कि झारखंड अलग राज्य की लड़ाई उसने लड़ी है, लेकिन सच्चाई ये है कि भाजपा ने अलग राज्य आंदोलन को लेकर संघर्ष किया और एनडीए के नेतृत्व में अलग राज्य का निर्माण हुआ था। श्री मरांडी दुमका विधानसभा क्षेत्र के मसलिया प्रखंड के हरोरायडीह गांव में मंगलवार को भाजपा द्वारा आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनता जानती है कि देश में आजादी के बाद सबसे ज्यादा कांग्रेस सत्ता में रही है, लेकिन कांग्रेस ने कभी भी अलग राज्य का निर्माण नहीं किया। देश में जैसे ही एनडीए के नेतृत्व में अटल बिहारी वाजपेई प्रधानमंत्री बने उन्होंने झारखंड राज्य का निर्माण किया। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अलग राज्य का विरोध करने वाली कांग्रेस और राजद के साथ झामुमो हमेशा साथ में रहा। इसीलिए राजद सुप्रीमो लालू यादव हमेशा कहा करते थे कि झारखंड मेरी लाश पर बनेगा क्योंकि वे जानते थे कि झामुमो कभी भी अलग राज्य का हिमायती नहीं है। कहा कि जब अलग राज्य का निर्माण हुआ उस समय झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन लोकसभा के सदस्य भी नहीं थे फिर उनके द्वारा यह दावा क्यों किया जाता है कि उनके द्वारा अलग राज्य का निर्माण किया गया। कहा कि दुमका विधानसभा उपचुनाव में जनता भाजपा के पक्ष में वोट करने का मन बना चुकी है और यहीं से जीत के बाद झामुमो सरकार का पतन होना शुरू हो जाएगा।