‘कोरोना होने पर ममता को गले लगाऊंगा,’ कहने वाले अनुपम हुए पॉजिटिव
कोलकाता। बंगाल में भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव व पूर्व सांसद अनुपम हाजरा कोरोना पॉजिटिव हो गये हैं। उन्होंने हाल ही में विवादित बयान देते हुए कहा था कि अगर उन्हें कोरोना हुआ तो वे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को गले लगाएंगे। उनके इस बयान की काफी आलोचना हुई थी। अनुपम हाजरा ने सोशल मीडिया पर शुक्रवार को खुद जानकारी दी कि उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वह कोलकाता के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत स्थिर है।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने के बाद अनुपम हाजरा ने दक्षिण 24 परगना के बरुईपुर में कुछ दिनों पहले कहा था कि अगर किसी दिन मैं कोरोना पॉजिटिव हो जाता हूं तो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पास जाऊंगा और उन्हें गले लगा लूंगा। तब वह उन लोगों का दर्द समझेंगी, जिन लोगों ने कोरोना महामारी के चलते अपनों को खोया है। अनुपम हाजरा के इस बयान पर तृणमूल ने कड़ी आपत्ति जताई थी। वहीं उनकी पार्टी ने भी इस बयान से किनारा कर लिया था।
मामले में हाजरा के खिलाफ तृणमूल नेताओं ने सिलीगुड़ी में प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। अनुपम हाजरा बोलपुर से तृणमूल के सांसद भी रह चुके हैं। उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निकाल दिया गया था। अनुपम हाजरा ने 2019 में भाजपा के टिकट पर कोलकाता के जादवपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
अनुपम हाजरा ने पत्रकारों से कहा था कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए कोरोना से ज्यादा शक्तिशाली दुश्मन ममता बनर्जी हैं। बंगाल में कोरोना से मृत लोगों को केरोसिन तेल के सहारे अंतिम संस्कार किया जाता है, जो काफी दुखद है।