कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व का दो साल पूरे होने पर गिरिडीह में केक काटकर किया गया सेलिब्रेट
- प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ने मोदी सरकार पर जमकर साधा निशाना
- पार्टी के जिला नेतृत्व ने कहा इन दो वर्षों में कार्यकार्ताओं को मिला सम्मान
गिरिडीह। कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर शुक्रवार को गिरिडीह पहुंचे। इस दौरान मधुबन वेजिस में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से उनका स्वागत करने के साथ ही झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर एवं कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर के कार्यकाल का 2 साल पूरे होने पर केक काटकर सेलिब्रेट किया। मौके पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने केन्द्र सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि भारत माला प्रोजेक्ट की बिल्डिंग प्रक्रिया में फर्जीवाडी किया गया है। वहीं टोल नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। आयुष्मान योजना में भी भारी पैमाने पर फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। कहा की यदि इन सवालों का जवाब प्रधानमंत्री से पूछे जाए तो एक भी सवाल के वे जवाब नहीं दे पाएंगे।

मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धनंजय सिंह और कार्यकारी अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि राजेश ठाकुर के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद न सिर्फ कार्यकर्ताओं को सम्मान मिला है। बल्कि लंबे अरसे के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अलावे जिला से लेकर प्रखंड, मंडल एवं पंचायत स्तर पर कमेटी का गठन किया गया है। कार्यक्रमों के तहत निचले स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया गया। कहा कि पिछले 23 वर्षों में सबसे ज्यादा सफल सदस्यता अभियान चलाया गया। 20 सूत्री एवं 15 सूत्री सहित अन्य आयोग बोर्ड का गठन किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं को जगह मिली।
प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश सचिव नरेश वर्मा, नगर अध्यक्ष सद्दाम हुसैन, मदन विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, युवा कांग्रेस के यश सिन्हा, बिलाल अहमद हुसैनी, राजेश तूरी, सुजीत कुमार सहित कई कांग्रेसी मौजूद थे।




