कोरोना संक्रमण के मद्देनजर गायत्री परिवार की पूरे देश में एक पहल
- 26 मई को गायत्री महायज्ञ का आयोजन करने का किया गया अहवान
- जड़ी बूटी से युक्त हवन सामग्री से यज्ञ करने से वातावरण होता है शुद्ध
- गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन जिला स्तरीय गोष्ठी का आयोजन कर की गई तैयारी की समीक्षा
गिरिडीह। अखिल विश्व गायत्री परिवार गिरिडीह के द्वारा शनिवार को गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन जिला स्तरीय गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय ऑनलाइन गोष्ठी में आगामी 26 मई को प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक पूरे भारत में एक साथ एक समय होने जा रहे गायत्री महायज्ञ के संबंध में चर्चा की गई। कहा गया कि वर्तमान समय में पूरे विश्व में सहित भारत में कोरोना महामारी का प्रकोप फैला हुआ है। अखिल विश्व गायत्री परिवार के द्वारा यज्ञ विज्ञान के द्वारा पूरे वातावरण को शुद्ध करने के एक प्रयास के तहत यह आयोजन पूरे भारतवर्ष में किया जा रहा है। जड़ी बूटी से युक्त हवन सामग्री से यज्ञ करने से वातावरण में फैले विषाणु कीटाणु नष्ट होते हैं और वातावरण शुद्ध होता है।
बताया गया कि गिरिडीह जिले के 13 प्रखंडों में ज्यादा से ज्यादा घरों में इस आयोजन को करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार के लोग सोशल मीडिया व्हाट्सएप एवं फोन के माध्यम से लोगों से निवेदन कर रहे हैं कि सभी लोग अपने अपने घरों में 26 मई को प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक अग्नि प्रज्वलित कर जड़ी बूटी जो आपके आसपास उपलब्ध है जैसे गिलोय का डंठल, सुखा नीम का पत्ता एवं डंठल, गुड, गाय का घी, गूगल इत्यादि को मिलाकर 24 बार वेद मंत्र गायत्री मंत्र से आहुति देने से घर के साथ साथ आसपास का वातावरण भी शुद्ध होगा।
शुभम कुमार के द्वारा संचालित इस ऑनलाइन गोष्ठी में गायत्री परिवार प्रमुख कामेश्वर सिंह, सुरेश यादव, अनिल कुमार साहू, दयानंद प्रसाद, हरेंद्र प्रसाद चैधरी, अमित केसरी, पंकज कुमार केसरी, कौशल किशोर राम, जयप्रकाश राम, पूनम बर्नवाल, पूनम भदानी, पूनम गुप्ता, रेखा देवी, उर्मिला बरनवाल आदि ने भाग लिया।