जिले के धनवार से झारखंड में रखी गई वंचित अधिकार पार्टी की नीव
- प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र गुप्ता ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी, कहा झारखंड की दयनीय स्थिति को देखते हुए वंचित अधिकार पार्टी से जुड़े
गिरिडीह। राजधनवार में सोमवार को वंचित अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र गुप्ता झारखंड में पार्टी का नीव रखते पार्टी का विस्तार किया। इस दौरान आशुतोष सिन्हा को प्रदेश मंत्री सह जिला प्रभारी, विजय कुमार पंडित को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, नारायण साव को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, अनिल कुमार साव को तिसरी प्रखंड अध्यक्ष एवं अकील हैदर को गावां प्रखंड अध्यक्ष बनाया गया।
इस दौरान प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए श्री गुप्ता ने कहा कि यह पार्टी आजमगढ़ की पार्टी है। वर्तमान समय में राज्य की राजनीति उथल पुथल को देखते हुए इस पार्टी की शुरूआत झारखंड में धनवार की धरती से किया जा रहा है। जल्द ही प्रथम कार्यकारिणी की बैठक रांची में किया जाएगा। वहीं कार्यसमिति का विस्तार जिला में किया जाना है। पार्टी के विकास के लिए क्षेत्र में आगामी कुछ दिनों में सदस्यता अभियान भी चलाया जायेगा।
कहा कि वर्तमान में झारखंड में राजनीति शून्यता देखने को मिल रही है। जितनी भी बड़ी पार्टियां हैं आपस में ढिंगा मुष्टि कर रही है। राज्य की विकास की उसको कोई चिंता नहीं है। बड़ा बड़ा ओहदा लेकर भी वो जनता के कामों से बहुत दूर है। झारखंड में बेरोजगारी ज्यों की त्यों है। यहां के लोग मुंबई, दिल्ली जैसे महानगरों में पलायन कर मुफलिसी में जिंदगी बिता रहे हैं। ये सबसे बड़ी विडंबना है कि झारखंड देश का सबसे धनी राज्य है, लेकिन अगर निर्धनता कहीं देखने को मिलती है तो वह हमारे झारखंड में देखने को मिलती है। आखिर जब हम इतने अमीर हैं तो हम और हमारे बच्चे रोजी रोजगार के लिए बाहर क्यों जाते हैं। इन्ही सब कारणों को देखते हुए हमे लगा कि हमे एक नई पार्टी की शुरुआत करने की जरूरत है और इसी को लेकर हम आज से झारखंड में एक नई पार्टी की शुरुआत धनवार की धरती से कर रहे हैं।
कहा कि यहां कि जो भी समस्याएं है उसे कम करने के लिए हमलोग प्रयास करेंगे। हमलोग धनवार की धरती से ऐलान करते हैं कि वंचित अधिकार पार्टी जितने भी समाज में शोषित, दलित एवं वंचित लोग है उन्हे अपने साथ लेकर काम करेंगे और आने वाले 2024 में झारखंड की जब सरकार बनेगी उसमें निश्चित रूप से हमारी पार्टी की सहभागिता रहेगी।