LatestTOP STORIESकोलकातावेस्ट बंगाल

पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के काफिले पर पत्थरबाजी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के काफिले पर शनिवार को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने कथित रूप से पथराव किया। साथ ही बर्धमान जिले में उन्हें काले झंडे दिखाए गए। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने पत्थरबाजी के आरोपों को खारिज किया है। घटना उस समय हुई जब घोष किसानों से नए कृषि कानूनों के बारे में बातचीत के लिए जमालपुर क्षेत्र पहुंचे थे। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि दोनों दलों के समर्थक आपस में भिड़ गए। लिहाजा हालात को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

इधर घोष ने कहा कि जैसे ही मेरा काफिला जमालपुर पहुंचा, मुझे काले झंडे दिखाए गए और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पथराव किया। पत्थरबाज अपनी पार्टी के झंडे लिए हुए थे। तृणमूल कांग्रेस लोकतंत्र में भरोसा नहीं करती और यह इसका प्रतिबिंब भर है। मैं ऐसी घटनाओं का आदि हूं लेकिन राज्य की जनता इन्हें माकूल जवाब देगी। दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने आरोपों को खाारिज करते हुए कहा कि किसानों नेकृषि कानूनों का विरोध किया, जो उनके हितों के खिलाफ है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दिलीप घोष शनिवार को पूर्व वर्द्धमान जिले के दौरे पर थे।

पूर्व वर्द्धमान जिले के जमालपुर साहापुर में भाजपा की सभा शनिवार की शाम में थी। जब वे उस सभा में जा रहे थे तभी रास्ते में तृकां समर्थकों ने उन्हें काला झंडा दिखाया। जिसे लेकर विवाद शुरू हुआ और पुलिस के सामने ही भाजपा व तृकां समर्थक उलझ गए। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि घटना से काफी तनाव है। शाम के समय भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष का काफिला साहापुर जा रहा था। जिसकी जानकारी मिलने पर तृकां समर्थक जमालपुर के जौग्राम के समीप काला झंडा लेकर जुट गए। जब प्रदेश अध्यक्ष का काफिला गुजरने लगा तो उनलोगों ने काला झंडा दिखाया। उसी समय भाजपाइयों के साथ तृकां समर्थकों का विवाद शुरू हो गया और दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई।

Please follow and like us:
Show Buttons
Hide Buttons