गणित के पंचमभाग के एक्स का मान निकाल शिक्षक अजीत ने रचा इतिहास
करीब 17 वर्षों के शोध के बाद मिली सफलता, छात्रों को मिलेगा फायदा
गिरिडीह। गणित का अपने आप में न सिर्फ एक अलग ही महत्व है बल्कि इसकी पूरी गणंना साईंस पर आधारित होती है। ऐसे में गणित में अगर कोई शोध करता है तो वह अपने आप में किसी शख्सियत से कम नहीं माना जायेगा। ऐसे ही एक शख्सियत हैं गिरिडीह के बरगंडा के रहने वाले अजीत कुमार सिंह। श्री सिंह करीब 17 वर्षों के शोध के बाद गणित में एक्स का मान निकालने में सफल हुए हैं। गणित के पंचमभाग के एक्स का मान निकालने के बाद वे काफी उत्साहित है और इसे छात्रों के लिए काफी फायदेमंद मान हैं। गौरतलब है कि अजीत कुमार सिंह वर्तमान समय में बिहार के पूर्वी चंपारण के मधुबन बालिका उच्च विद्यालय में गणित के शिक्षक हैं। उन्होंने अपनी प्राथमिक शिक्षा गिरिडीह हाई स्कूल से की। उसके बाद गिरिडीह काॅलेज से बीएएससी करने के बाद बीएड किया और बिहार में शिक्षक के पद पर पदस्थापित हैं।
1993 से कर रहे थे शोध
अजीत कुमार सिंह की मानें तो वे गणित के इस शोध में 1993 से लगे हुए थे। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अब तक गणितज्ञ के इस पंचम भाग में एक्स के मान को निकालने में किसी को भी सफलता नहीं मिली थी। लेकिन उन्होंने काफी लंबे समय तक रिसर्च करने के बाद इसका हल निकालने में सफलता हासिल की है। उनका दावा है कि आने वाले समय में छात्रों के लिए यह काफी फायदेमंद होगा।
गणित के क्षेत्र में आयेगी एक नई क्रांति : प्रो. अर्जुन
इधर खंडोली इंस्टिच्यूट आॅफ टेक्नोलाॅजी के गणित के विभाग के प्रो. अर्जुन कुमार राय का कहना है कि अजीत कुमार के इस रिसर्च को उन्होंने काफी गौर से देखा और पाया कि इस सोलूशन से वाकई में गणित के क्षेत्र में एक नई क्रांति आयेगी और उससे छात्रों को फायदा होगा। कहा कि इसे गणित के कोर्स में शामिल कर इसे सम्मान देना चाहिए।