जनता दरबार में उपायुक्त आदित्य रंजन ने सुनी समस्या
कोडरमा। समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में उपायुक्त आदित्य रंजन ने फरियाद लगाने पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनी और उनके निदान के लिए संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। जनता दरबार में पहुंचे पहरीडीह निवासी राम प्रसाद सिंह ने अपनी जमीन के दाखिल खारिज करवाने में हो रही परेशानी बताई। उपायुक्त ने मामले की जांच करने हेतु स्थापना उप समाहर्ता को निर्देश दिया। ग्राम गैड़ा प्रखंड जयनगर के मुकेश यादव और ग्राम हरिनो प्रखंड चंदवारा के अर्जुन कुमार रजक ने कस्तूरबा विद्यालय में शिक्षक के रुप में नियुक्त करने से संबंधित आवेदन दिया। उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं अनुमंडल कार्यालय कोडरमा के लिपिक बालदेव पंड़ित ने अपने स्थानांतरण स्थगन के लिए उपायुक्त से गुहार लगायी। आवेदन के माध्यम से उन्होंने बताया कि वे ब्लड सुगर एवं अन्य गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं। बताया कि जमीन विवाद को लेकर उनके परिवार पर जान-माल का खतरा बना रहता है। जिसको दृष्टिगत रखते हुए स्थानांतरण स्थगन पर विचार करने की गुहार लगाया। उपायुक्त ने स्थापना उप समाहर्ता को कार्रवाई के निर्देश दिये। जिले में कोविड संक्रमण से बचाव हेतु जनता दरबार में आने वाले फरियादियों ने मास्क पहना एवं शारीरिक दूरी का पूर्ण रुप से पालन कराया गया।