छठ घाटो पर उमड़ा आस्था का सैलाब, छठव्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को दिया अर्ध्य
- अरगाघाट, शिव शक्ति छठ घाट, आम घाट, शास्त्रीनगर छठ घाट सहित विभिन्न छठघाटों में की गई आकर्षक सजावट
- एसपी व सदर विधायक के अलावे कई नेता व उद्योगपति पहुंचे छठ घाट
गिरिडीह। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा के दौरान तीसरे दिन रविवार को छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को श्रद्धा भाव से अर्घ्य दिया। रविवार को अहले सुबह से ही जहां एक ओर छठ व्रती छठ पर्व का मुख्य प्रसाद ठेकुंवा बनाने में जुट गई थी। वहीं दोपहर बाद सभी छठ व्रती डाला सजाने में जुट गईं और शाम होने से पूर्व छठ घाट पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को श्रद्धा भाव से अर्घ्य दिया।

इस क्रम में गिरिडीह के प्रसिद्ध छठ घाट अरगाघाट में हजारों की संख्या में भक्त पहुंचे और श्रद्धा भाव से अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं शहर के प्रमुख छठ घाटों में एक दिन दयाल छठ घाट, शिव शक्ति छठ घाट, आम छठ घाट, शास्त्रीनगर छठ घाट, पेसरा बहियार छठ घाट के अलावे पचंबा स्थित बुढ़वा अहार छठ घाट और अंदुडीह तेलिया आहार छठ घाट सहित अन्य छठ घाटों में भी अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए छठ व्रतियों के साथ साथ भक्तों की भीड़ उमड़ी हुईं थी।

इस दौरन विभिन्न छठ पूजा समितियों के द्वारा छठ घाट को आकर्षक रुप से सजाया गया था। खास कर शिव शक्ति छठ घाट की सजावट देखने लायक थी। शिवशक्ति छठ पूजा समिति द्वारा पूरे घाट में आकर्षक लाईटिंग की व्यवस्था की गई थी।

इस दौरान सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू भी जहां विभिन्न अरगाघाट, शिव शक्ति छठ घाट सहित विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर अर्ध्य दिया। वहीं पुलिस कप्तान अमित कुमार रेणु पूरे परिवार के साथ पेसराबहियार छठ घाट पर अर्ध्य देने के लिए पहुंचे हुए थे। इधर अधिवक्ता संघ के महासचिव सह भाजपा नेता चुन्नुकांत, नुनूलाल मरांडी, अधिवक्ता चंदन सिन्हा, उद्योगपति गुणवंत सिंह सहित कई नेता भी शिवशक्ति छठ धाट सहित विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर अर्ध्य दिया।