LatestNewsझारखण्ड

डिलिवरी के बाद महिला की हुई मौत, परिजनों ने जमकर मचाया बवाल

आक्रोशित परिजनों ने क्लिनिक में की तोड़फोड़, रांची-पटना मार्ग को किया जाम

कोडरमा। झुमरी तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत पार्वती क्लिनिक में प्रसव के बाद प्रसूता की हुई मौत को लेकर परिजनों ने जमकर बवाल मचाया। आक्रोशित लोगों ने क्लिनिक में घुसकर तोड़फोड़ की और रांची-पटना मुख्य मार्ग को भी करीब एक घंटे तक जाम कर दिया। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। घटना गुरूवार शाम 4 बजे की है। वहीं हंगामे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और आक्रोशितों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। मृतका की एक वर्ष पहले ही शादी हुई थी।

ये है मामला

घटना की जानकारी मिलने के बाद तिलैया थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह सहित काफी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच कर मामले को शांत कराने में जुटे हैं। जानकारी अनुसार हजारीबाग जिले के चलकुशा प्रखंड के बाराडीह गांव निवासी रामदेव यादव अपनी पत्नी रानी देवी (26) को प्रसव के लिए गुरुवार की सुबह पार्वती क्लिनिक पहुंचे थे। जहां दिन में चिकित्सकों ने ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराकर दो स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया था।

चार घण्टे तक अस्पताल ने मौत की बात छुपाया

इधर मृतका के पति रामदेव यादव ने बताया कि प्रसव के बाद क्लिनिक के एक नर्स के द्वारा बताया गया कि उनकी पत्नी को ब्लड चढ़ाने की आवश्यकता है। जिसके बाद वे ब्लड के लिए सदर अस्पताल चले गए। वहां से लौटने पर अस्पताल के कर्मी राजेश सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी की मौत हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के बाद ही उनकी पत्नी की मौत हो गई थी, जिसे चार घंटे तक अस्पताल के कर्मियों ने छिपाए रखा। उन्होंने बताया कि प्रसव के बाद भी उनके किसी परिजन को प्रसूता से मिलने नहीं दिया गया।

आक्रोशित लोगो ने क्लिनिक में किया तोड़फोड़

घटना की जानकारी मिलने के बाद काफी संख्या में मृतका के परिजन क्लिनिक पहुंचे और आक्रोशित होकर क्लिनिक में तोड़फोड़ करने लगे। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को क्लिनिक से बाहर निकाला। जिसके बाद आक्रोशित परिजनों ने रांची पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम को हटवाया। समाचार लिखे जाने तक लोगों की भीड़ क्लिनिक के बाहर जमी है।

एक्लेमेसिया की मरीज थी मृतका

इस सबंध में पार्वती क्लिनिक के चिकित्सक डॉक्टर हरिदर्शन सिंह ने बताया की महिला एक्लेमेसिया की मरीज थी। क्लीनिक में लाए जाने के दौरान उसका ब्लड प्रेशर काफी हाई था। जिसे नॉर्मल कर ऑपरेशन किया गया था। लेकिन ऑपरेशन के बाद वह होश में नही आ सकी।

Please follow and like us:
Show Buttons
Hide Buttons