रेल न्यायालय ने रेल जाम करने वाले किसान नेताओं को दी जमानत
कोडरमा। किसान विरोधी कृषि कानून के खिलाफ किसान संघर्ष मोर्चा के द्वारा देशव्यापी आन्दोलन के तहत हुए रेल जाम के लिए अंकित कांड संख्या – 06ध्21 के आरोपी आंदोलनकारियों को सोमवार को बेल दे दिया गया। रेल जाम में भाकपा नेता सह जिप सदस्य महादेव राम, जिला मंत्री प्रकाश रजक, माले नेता सह किसान महासभा के जिला संयोजक राजेन्द्र मेहता, बसपा के जिलाध्यक्ष प्रकाश अंबेडकर, मोर्चा के संयोजक सह सिविल सोसाइटी के उदय द्विवेदी, आम आदमी पार्टी के दामोदर यादव के खिलाफ कांड अंकित किया गया था। सभी को सोमवार को रेल न्यायालय धनबाद ने बेल दे दिया। ज्ञात हो कि तीन कृषि कानून के खिलाफ 18 फरवरी को किसान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले हिरोडीह रेलवे स्टेशन पर जाम व धरना प्रदर्शन किया गया था। बेल मिलने पर हर्ष व्यक्त करते हुए सीपीएम के राज्य सचिवमंडल सदस्य संजय पासवान ने कहा कि मुकदमा दायर कर आंदोलनकारियों के हौसले को कमजोर नहीं किया जा सकता है। जिप सदस्य महादेव राम ने कहा कि जनता के लिए और देशहित में हमारा संघर्ष जारी रहेगा। भाकपा के जिलामंत्री प्रकाश रजक ने कहा कि जनांदोलन में हर कुर्बानी के लिए लाल झण्डा के साथी तैयार है। किसान महासभा के संयोजक राजेन्द्र मेहता ने कहा कि नए कृषि कानून की वापसी तक लड़ाई जारी रहेगा। बसपा के जिलाध्यक्ष प्रकाश अंबेडकर और आम आदमी पार्टी के नेता दामोदर यादव ने कहा कि मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनसंघर्ष को और तेज किया जायेगा।