आम जनों को प्रखंड मुख्यालय में आने से किया जा रहा है मना: कांग्रेस नेता
कोरोना संक्रमण का बहाना बनाकर कार्यालय नही आने का लगाया आरोप
गिरिडीह। गावां प्रखंड स्थित प्रखंड विकास कार्यालय सह अंचल कार्यालय में इन दिनों अधिकारियों से मिलने के लिए रोक लगाई गई है। जिसका आज कांग्रेस नेता मरगूब आलम द्वारा विरोध जताया गया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है किन्तु इसमें प्रखंड के लोगों को अधिकारियो से मिलने व उनकी समस्याओं को सुनने के लिए कोई मनाही नहीं है। लेकिन गावां प्रखंड मुख्यालय में गार्ड द्वारा किसी को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। कहा कि अधिकारियों की यहां लगातार अनुपस्थिति रहती है, जिसे छुपाने के लिए ऐसा उपाय किया गया है।
इसके अलावा उन्होंने ब्लॉक में लगे गेट को कर्मियों द्वारा खुद से खोले जाने पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि इस प्रकार से संक्रमण फैलने का खतरा ज्यादा बढ़ सकता है।
वहीं प्रखंड मुख्यालय पहुंचे खरसान निवासी गौतम कुमार ने कहा कि उन्हें जमीन की सुनवाई के लिए बुलाया गया था। मगर 2 घंटे से अधिक होने के बावजूद अब तक अंचलाधिकारी कार्यालय नहीं पहुंचे है।