विधिक सेवा सह मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर का हुआ आयोजन, परिसंपत्तियों का किया गया वितरण
- गरीबों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य: गौरीशंकर सहाय
गिरिडीह। विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जरूरतमंदों को सुलभ सस्ता व त्वरित न्याय दिलाया जाता है। लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही उन्हें उचित हक व अधिकार दिलाया जाता है। उक्त बातें जिला विधिक सेवा के गौरीशंकर सहाय ने शुक्रवार को गांवा प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित विधिक सेवा सह मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर को संबोधित करते हुए कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को वैधानिक जानकारियां नहीं मिल पाती हैं। गरीबी के कारण उन्हें न्याय पाने में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार उन्हें निःशुल्क न्याय दिलाता है। उन्होंने विधिक सेवा के प्रति लोगों को जागरूक करने की बात कही।
गांवा बीडीओ महेंद्र रविदास ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से गरीबों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। जिसका लाभ लोगांे को उठाना चाहिए। कहा कि इस शिविर में प्रखंड में संचालित सभी विभागों का स्टॉल लगाकर लोगों के समस्याओं का समाधान त्वरित रूप से किया जा रहा है। जिसका लाभ ग्रामीणों को उठाना चाहिए।

शिविर में कई विभागों के द्वारा लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का भी वितरण किया गया। जिसमें मनरेगा के तहत कई मनरेगा मजदूरों को जॉब कार्ड बनाया गया। वहीं दो लाभुकों को अंबेडकर आवास का लाभ दिया गया। शिक्षा विभाग के द्वारा दो ट्राई साइकिल और हियरिंग कीट का वितरण किया गया। वहीं बाल परियोजना कार्यालय के द्वारा स्टॉल लगाकर गोद भराई कार्यक्रम की गई। साथ ही कई असहायों के बीच बैसाखी का भी वितरण किया गया। जेएसएलपीएस के तहत 4 करोड़ 36 लाख 50 हजार का चेक महिला समूह के बीच दिया गया। वहीं कृषि विभाग के द्वारा किसानों के बीच बीज का भी वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जांच शिविर का आयोजन कर मरीजों के बीच दवाइयां उपलब्ध कराई गई। साथ ही कई लाभुकों का पेंशन स्वीकृत किया गया। वहीं लगभग एक दर्जन गरीबों का ग्रीन कार्ड भी शिविर में बनाया गया।
मौके पर बीस सूत्री के अध्यक्ष अजय सिंह, अंचलाधिकारी अविनाश रंजन, सांसद प्रतिनिधि राम यादव, मुखिया कन्हाई कुमार, गुरुसहाय रविदास, पंचायत समिति सदस्य अजीत तिवारी, पिंटू कुमार साहू, सहायक अवर निरीक्षक संजीव पाल, बीपीएम प्रमोद बरनवाल, महिला प्रवेक्षिका आरती कुमारी, अनीता यादव, एमो प्रदीप राम, बीपीआरओ संजय कुमार, बीपीओ भिखदेव पासवान, प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, तितु लाल मण्डल, सेविका गुलशन आरा, सुनीता देवी, ज्योति देवी, संयुक्ता देवी समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे।