पत्थरबाजी की घटना से भयभीत हटिया रोड के लोगो ने घरों पर चिपकाया मकान बिक्री का पोस्टर
- लोगो से मिलने पहुंचे पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी, प्रशासन से कार्रवाई का दिलाया भरोसा
- इलाके के भूमाफिया के इशारे पर पचंबा थाना संचालित होने का लगाया आरोप
- एसडीओ ने दिया जांच कर सिर्फ दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन
गिरिडीह। गिरिडीह के उपनगरी पचम्बा अब भूमाफिया से पनाह मांग रहा है। इसी की बानगी है कि दो समुदाय के बीच हुए पथराव की घटना के तीसरे दिन मंगलवार को हटिया रोड में रहने वाले एक समुदाय के लोगों ने भूमाफिया के भय से अपने घरों में घर बिक्री का पोस्टर चिपका दिया है। लोगांे द्वारा ये बोर्ड लगाए जाने के बाद तो स्थानीय जिला प्रशासन और पचम्बा थाना पुलिस के भी हाथ पांव फूल गए।

इस दौरान स्थानीय लोगांे ने अपना दुखड़ा सुनाते हुए कहा की पूरे पचम्बा इलाके के एक बड़े भूमाफिया और उसके दबंग गुर्गे के कारण पनाह मांग रहा है। रविवार को छेड़खानी का विरोध होने के दौरान हुए पथराव की घटना इसी की एक बानगी है। क्योंकि छेड़खानी के नाम पर दूसरे समुदाय के लोगांे को भूमाफिया का संरक्षण हासिल है। जिसके इशारे पर एक नही कई बार पथराव की घटना हो चुकी है। लेकिन पचंबा थाना पुलिस सिर्फ निर्दाेषों पर करवाई कर रही है। एक समुदाय के स्थानीय लोगों ने यह भी कहा की हालात ऐसे है कि पचम्बा के इसी भूमाफिया के इशारे पर पचम्बा थाना का भी संचालन हो रहा है और उसके गुर्गे बेखौफ पचम्बा थाना आना-जाना करते है। जबकि इसी पचंबा थाना में भूमाफिया और उसके गुर्गो के खिलाफ कई केस दर्ज है।

इधर इस बात की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी व पूर्व मेयर दिनेश यादव के अलावे भाजपा नेता महादेव दुबे, चुन्नुकांत, नवीन सिन्हा सहित अन्य भाजपाई भी हटिया रोड पहुंचे और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान सभी स्थानीय लोगांे के साथ ही धरना पर भी बैठ गये। हालांकि मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे सदर एसडीओ से वार्ता करने के बाद सभी धरना से उठ गये। मौके पर जहां पूर्व विधायक सभी भाजपाईयों ने पचंबा के लोगों को न्याय दिलाने की मांग की। वहीं एसडीओ ने मामले की पुनः जांच कर सिर्फ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।