झारखंड के गुमला में फंदे से लटकर किसान ने की आत्महत्या
- विगत तीन वर्षों से चल रहा था बीमार, आर्थिक स्थिति थी दयनीय
- पत्नी ने कहा तनाव में आकर की आत्महत्या
रांची। गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र के उरू सोपो गांव में 36 वर्षीय किसान चोन्हास कुजूर ने शुक्रवार को कटहल के पेड़ में फंदे से लटकर आत्महत्या कर ली। किसान विगत तीन वर्षों से बीमारी व गरीबी से त्रस्त था। घटना के बाबत मृतक की पत्नी जसिन्ता कुजूर ने बताया कि उनके पति गांव में ही रहकर खेती व मजदूरी किया करते थे। जिससे पूरे परिवार का भरण पोषण होता था। बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से बीमार चल रहे थे। उनके शरीर में चर्म रोग हो गया था। जिसके वजह से वे कोई काम नही कर पा रहे थे। बताया कि इलाज में काफी पैसा खर्च हो जाने के कारण उसकी आर्थिक स्थिति काफी दयनीय हो गई थी। जिससे किसान तनाव में रहता था।
इधर घटना की सूचना मिलते ही रायडीह पुलिस घटना मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। वहीं रायडीह प्रखंड के बीडीओ मिथिलेश कुमार सिंह ने मृतक की पत्नी को आर्थीक मदद के तौर एक बोरा चावल मुहैया कराया है।