जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने की व्यवहार न्यायालय मेें हर घर तिरंगा कैपेंन की शुरूआत
- न्यायिक पदाधिकारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर की पदयात्रा, लोगों से घरों में तिरंगा फहराने का किया अहवान
गिरिडीह। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा सोमवार को व्यवहार न्यायालय परिसर से हर घर तिरंगा कैंपेन की शुरुआत की गई। जिसमें प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार की अध्यक्षा वीणा मिश्रा के अलावे गिरिडीह न्याय मंडल में पदस्थापित सभी न्यायिक पदाधिकारियों, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के सभी अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता, न्यायिक कर्मचारियों व पारा लीगल वालेंटियर शामिल हुए और सामूहिक रूप से हर घर तिरंगा कैंपेन के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। साथ ही तिरंगे के साथ पदयात्रा की।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएलएस के सचिव सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के काल में भारत के प्रत्येक नागरिकों में राष्ट्र प्रेम एवं भारत की एकता तथा अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि 15 अगस्त के मौके पर सभी लोग अपने-अपने घरों में तिरंगा झंडा को फहराकर अपने राष्ट्र प्रेम की भावना को प्रदर्शित करें।