आम आदमी पार्टी की बैठक में पीरटांड़ प्रखंड कमेटी का हुआ गठन
व्यवस्था परिवर्तन को आगे आयें युवा: कृष्ण मुरारी शर्मा
गिरिडीह। आम आदमी पार्टी की एक बैठक रविवार को पीरटांड़ में हुई। प्रखंड अध्यक्ष सीताराम महतो की अध्यक्षता मंे हुई बैठक में प्रखंड कमेटी का गठन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती मनाते हुए उन्हें नमन किया।
बैठक में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी पूरे देश में व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ रही है। आजादी के 75 साल बाद भी लोगों की स्थिति नहीं बदली है। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और भ्रष्टाचार हमारे प्रमुख मुद्दे हैं। उन्होंने झारखंड में 100 युनिट बिजली मुफ्त देने के मुद्दे पर कहा कि सरकार को ऐसी नीति बनाने की जरूरत है जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ मिले। बगोदर विधानसभा के युवा नेता दिनेश यादव ने कहा कि गिरिडीह जिले के हर प्रखंड में बहुत जल्द संगठन का विस्तार होगा।
आशीष भदानी ने कहा कि झारखंड की जनता चाह ले तो यहाँ भी दिल्ली की तरह व्यवस्था बदल सकती है। गिरिडीह विधानसभा अध्यक्ष निर्मल प्रसाद महतो ने कहा कि झारखंड में पलायन सबसे बड़ी समस्या है। गिरिडीह में पलायन रोकने को लेकर आज तक सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। संगठन मंत्री तेज नारायण महतो ने कहा कि आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में लोगों के द्वारा जो आवेदन जमा हो उसका रिसिविंग उनको दिया जाए। युवा नेत्री बासुनी हांसदा ने कहा कि व्यवस्था बदलाव की राजनीति में महिलाओं की अहम भूमिका होगी।
बैठक के दौरान गठित प्रखंड कमेटी में प्रखंड अध्यक्ष सीताराम महतो, प्रखंड उपाध्यक्ष संतोष कुमार राय, गणेश यादव, किशुन कोल्ह, पुनीत कुमार, प्रखंड सचिव राजेश कुमार महतो, उपसचिव इरशाद अंसारी, राजेश पण्डित, संयुक्त सचिव मनोज कुमार, कोषाध्यक्ष कुर्बान अंसारी, संगठन मंत्री अकरम अंसारी, सोशल मीडिया प्रभारी दानिश आलम सहित कई लोग शामिल हैं। वहीं बैठक में सुभाष शर्मा, शशि तुरी, गौतम कोल्ह, सहदेव ठाकुर, असलम अंसारी, परमेश्वर महतो सहित कई लोग मौजूद थे।