LatestNewsकोडरमाझारखण्ड

नगर परिषद ने शुरू किया छठ घाटों की सफाई

कार्यपालक ने किया विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण

कोडरमा। लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर झुमरी तिलैया नगर परिषद द्वारा शहर के विभिन्न छठ घाटों में सफाई का कार्य पिछले पांच दिनों से शुरू कर दिया गया है। इसको लेकर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कौशलेष कुमार और सिटी मैनेजर प्रशांत भारती ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के क्रम में पानी टंकी रोड स्थित भास्कर छठ तालाब, इंदरवा बस्ती स्थित छठ तालाब और चित्रगुप्त नगर स्थित खैरा नदी छठ घाट का निरीक्षण किया और सफाई कार्य आरंभ कराया। कार्यपालक पदाधिकारी कौशलेष कुमार ने कहा कि पिछले साल की अपेक्षा इस वर्ष और सुविधाएं व्रतियों को दी जाएंगी। उन्होंने कहा की छठ घाटों की सफाई के बाद पानी में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाएगा। जिससे स्नान करने वाले व्रतियों को बाद में कोई समस्या ना हो। इसके अलावा छठ घाट के रास्ते और घाट पर मोरम गिरा कर लेवलिंग किए जाने के बात भी कही।

सफाई अभियान में लगे है 125 सफाई कर्मी

उन्होंने बताया कि छठ घाटों की सफाई अभियान में नगर परिषद के 125 सफाई कर्मी लगे हुए हैं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सफाई कर्मियों की भी व्यवस्था की जाएगी। साथ ही एक जेसीबी भी लगा हुआ है। सफाई कार्य कब तक पूर्ण कर लिया जाएगा के जवाब में उन्होंने कहा कि यह अभियान छठ के एक दिन पहले तक चलता रहेगा। उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद लक्ष्मी, काली और चित्रगुप्त की प्रतिमाओं का विसर्जन नदी और तालाबों में किया जाता है। जिससे एक बार फिर गंदगी फैल जाती है। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद भी अभियान चलता रहेगा। उन्होंने शहर के लोगों से विभिन्न घाटों पर गंदगी न फैलाने और घाटों तक जाने वाले रास्तों को भी साफ रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जहां अब तक सफाई नहीं हो पाई है वहां की छठ समिति के लोग मुझसे संपर्क कर मुझे बताएं। सफाई का काम करा दिया जाएगा।

Please follow and like us:
Show Buttons
Hide Buttons