सफाई के दौरान अभद्र व्यवहार होने से नाराज निगम कर्मी गए हड़ताल पर
- भंडारीडीह के कुछ लोगों ने सफाई कर्मियों के साथ किया अभद्र व्यवहार
गिरिडीह। नगर निगम के सफाई कर्मियों के साथ भंडारीडीह के एक युवक के द्वारा गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दिए जाने के विरोध में नगर निगम के सभी सफाई कर्मी शुक्रवार से हड़ताल पर चले गए है। झारखंड लोकल बॉडीज फेडरेशन के नेतृत्व में तमाम सफाई कर्मी नगर निगम कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए अभद्र व्यवहार करने व धमकी देने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए काम बंद कर दिया। इस दौरान फैडरेशन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री अशोक सिंह, अध्यक्ष अजीत चंद्रा, लखन हरिजन, मोहम्मद साबिर, लखन शर्मा ने बताया कि गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आगमन को लेकर नगर निगम के सफाई कर्मियों को सफाई कार्य में लगाया गया था। इसी दौरान शहर के भंडारीडीह के समीप सफाई कर्मियों के साथ कुछ युवकों ने गाली-गलौज किया और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी थी। उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी नही होने तक वेलोग हड़ताल पर रहेंगे।




