गायत्री परिवार के लोगों ने चलाया सदस्यता अभियान
गिरिडीह। अखिल विश्व गायत्री परिवार के लेदा के परिजनों के द्वारा रविवार को लेदा ग्राम में अखंड ज्योति, युग निर्माण योजना एवं प्रज्ञा अभियान का ग्राहक सदस्यता अभियान चलाया गया। इस दौरान गायत्री परिवार के सदस्यों ने पूरे लेदा ग्राम का भ्रमण कर युग निर्माण योजना के 27, अखंड ज्योति के 4 एवं पाक्षिक प्रज्ञा अभियान के 5 सदस्य बनाए। अभियान को सफल बनाने में राजेंद्र प्रसाद वर्मा, भुनेश्वर प्रसाद कुशवाहा, राजेश कुमार राम, भुवनेश्वर महतो, दशरथ महतो, जयप्रकाश राम, संजय कुमार, सहदेव महतो सहित कई लोग शामिल थे।
मौके पर गायत्री परिवार लेदा के संयोजक राजेश कुमार राम ने कहा कि वर्तमान समय में व्यक्ति पुस्तकों से दूर होता जा रहा है और स्वाध्याय की प्रवृत्ति समाप्त होती जा रही है। जिसे देखते हुए लोगों को पुस्तकों से जोड़ने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। कहा कि सदस्यता अभियान का उद्देश्य है कि लोग सद्विचारों से जुड़े और व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण, समाज निर्माण, योग, आयुर्वेद, प्राणायाम एवं स्वास्थ्य रक्षा के संबंध में जानकारी प्राप्त करें। कहा कि 31 दिसंबर तक इलाके में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।