सेविका-सहायिका का मानदेय बढ़ाने के लिए हेमंत सरकार के प्रति सीटू ने जताया आभार
- सेविका सहायिका के लम्बे संघर्ष की ऐतिहासिक जीत: मीरा देवी
कोडरमा। झारखंड सरकार के द्वारा आंगनबाड़ी कर्मियों का मानदेय बढ़ाने और नियामवली बनाने की घोषणा के लिए सीटू ने हेमन्त सोरेन सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। सीटू से संबद्ध झारखंड राज्य आंगनबाड़ी सेविका सहायिका संघ की प्रदेश अध्यक्ष मीरा देवी ने सचिवालय में मिलकर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि गत बुधवार को प्रोजेक्ट भवन रांची में झारखंड सरकार की समाज कल्याण मंत्री जोबा मांझी की अध्यक्षता में झारखंड के सभी आंगनबाड़ी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। जिसमें सीटू से मीरा देवी और लखन लाल मंडल मौजूद थे। बैठक में आंगनबाड़ी सेविका सहायिका की लंबित मांगों पर नियामवली बनाने के लिए सरकार से सहमती बनी। जिसके तहत अब सेविका को 9500 रूपये और सहायिका को 4750 रूपये मानदेय मिलेगा और हर साल 5 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। सेविका सहायिका की मौत होने पर परिवार के सदस्य को नौकरी मिलेगा। सेविका सहायिका का भविष्य निधि का खाता खोलकर मानदेय का 6 प्रतिशत सेविका सहायिका और उतना ही राज्य सरकार अंशदान देगी। सेविका सहायिका को 180 दिन मातृत्व अवकाश मिलेगा। मीरा देवी ने कहा कि इन मांगों के लिए राज्य भर की सेविका सहायिका पिछली रघुवर सरकार से काफ़ी लाठियां खाई है, दर्जनों सेविका की जान गई है। यह सेविका सहायिका के लम्बे संघर्ष की ऐतिहासिक जीत है। हम दिल से हेमन्त सोरेन को धन्यवाद देते हैं।

सीटू राज्य कमिटी सदस्य संजय पासवान ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि झारखंड में आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं के मानदेय में झारखंड सरकार द्वारा बढ़ोतरी किए जाने का सीटू स्वागत करता है। यह बढ़ोतरी आंगनबाड़ी कर्मियों द्वारा किए गए संयुक्त संघर्ष का परिणाम है। कोरोना के समय इन आइसीडीएस कार्यकर्त्ताओं ने बहुत ही कठिन परिस्थितियों में अपने कर्तव्य का पालन किया था।
मौके पर आंगनबाड़ी संघ की जिला सचिव वर्षा रानी, संयुक्त सचिव उर्मिला देवी, कोषाध्यक्ष संतोषी देवी, बेबी देवी, आशा देवी आदि मौजूद थी।