बंगाल कैश कांड के बाद कांग्रेस ने लिया एक्शन, तीनों विधायक को किया निलबिंत
- हावड़ा में पुलिस ने नोटो के साथ कांग्रेस के तीन विधायकों को किया था गिरफ्तार
- कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया सरकार गिराने के लिए साजिश रचने का आरोप
- भाजपा ने भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस को घेरा
रांची। बंगाल के कोलकाता हावड़ा में झारखंड कांग्रेस के 3 विधायकों के पास से कैश बरामद होने के बाद झारखंड कांग्रेस कमिटी ने कड़ा रूख अख्तियार करते हुए तीनों ही विधायकों को सस्पेंड कर दिया है। झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि जिन विधायकों को शनिवार को कैश के साथ पकड़ा गया था उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
विदित है कि पश्चिम बंगाल के हावड़ा में कांग्रेस के रांची के खिजरी से विधायक राजेश कच्छप, कोंगारी सिमडेगा के कोलेबिरा से विधायक नमन विक्सेल और विधायक इरफान अंसारी को भारी मात्रा में कैश के साथ पकड़ा गया था। यह रकम इतनी ज्यादा थी कि नोट गिनने के लिए मशीन मंगवानी पड़ी। मामले में बंगाल पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया था कि खुफिया सूचना के आधार पर जिस वाहन में विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्चाप और नमन बिक्सल कोंगरी सवार थे, उसे पांचला पुलिस थाना क्षेत्र के रानीहाती में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर रोका गया था।
इधर कांग्रेस के झारखंड कमिटी ने दावा किया है कि भारी मात्रा में यह नकदी हेमंत सरकार को गिराने की भाजपा की साजिश का हिस्सा है। वहीं इस मामले पर भाजपा लगातार कांग्रेस को घेर रही है। झारखंड भाजपा के महासचिव ने कहा कि जब से कांग्रेस झारखंड में सत्ता में आई है, भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। कहा कि इससे पहले भी झारखंड में अफसरों के घरों से कैश बरामद हुआ था।