रामनवमी त्योहार में विधि व्यवस्था को लेकर प्रशासन चुस्त
- मुख्यालय से लेकर प्रखंड स्तर पर निकाला गया फ्लैग मार्च
कोडरमा। अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में रामनवमी त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर शुक्रवार को फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा झुमरी तिलैया नगर परिषद् अंतर्गत महाराणा प्रताप चौक, भादोडीह, असनाबाद, करमा, छतरबर व कोडरमा बाजार, जलवाबाद में फ्लैग मार्च निकाला गया।

मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि रामनवमी आस्था का पर्व है, जिसे सभी लोग मिलकर मनायें। उन्होंने चौती छठ पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए जिलेवासियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि चौती छठ पर्व की तरह रामनवमी का त्योहार भी शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। त्योहार के दौरान हुड़दंग एवं उत्पात मचाने वालों व असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। त्योहार के दौरान धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर जिला प्रशासन द्वारा सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी। फ्लैग मार्च के माध्यम से ग्रामीणों से अपील की कि वे पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं। किसी प्रकार की विधि व्यवस्था भंग नहीं होने दें।

मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी रोशमा डुंगडुंग, अंचल अधिकारी अनिल कुमार, थाना प्रभारी व अन्य मौजूद थे। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी सतगावां वैद्यनाथ उरावं, डोमचांच प्रखंड अंतर्गत अंचल अधिकारी देव प्रिय के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया और लोगों से शांतिपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की गई।