सड़क हादसे में होम गार्ड जवान की मौत, याद में कैंप में गिरिडीह के अधिकारियों ने किया वृक्षारोपण
गिरिडीहः
गिरिडीह के सीसीएल ओपेन काॅस्ट परियोजना में प्रतिनियुक्त होमगार्ड जवान प्रयाग महतो की मौत बुधवार को सड़क हादसे में हो गई। बुधवार की सुबह हुए हादसे में मौत के बाद होम गार्ड कैंप कार्यालय में श्रद्धाजंलि सभा का आयोजन किया गया। जहां प्रशिक्षु आईएएस पीयूष सिन्हा के साथ डीएसपी सह जिला समादेष्टा संजय राणा ने मृतक जवान को श्रद्धाजंलि अर्पित किया। तो कंपनी कमांडर संजय सिंह ने भी मृतक जवान प्रयाग महतो को श्रद्धाजंलि अर्पित की। इस दौरान होम गार्ड संघ के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह के साथ होम गार्ड जवान अवधेश पाठक, शिवशंकर गोप समेत कई जवानों ने अपने दिवगंत साथी को श्रद्धाजंलि अर्पित किया। और मृतक की आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन धारण किया। श्रद्धाजंलि के बाद मृतक जवान के स्मरण में अधिकारियों ने वृक्षारोपण भी किया। जानकारी के अनुसार मृतक प्रयाग महतो बुधवार की सुबह ओपेनकाॅस्ट से ड्यूटी कर वापस घर अबांटांड लौट रहे थे। इसी दौरान प्रयाग अपने बाईक से जब पचंबा के बुढ़वा अहार तालाब के समीप पहुंचे, तो किसी अज्ञात वाहन ने मृतक के बाईक को धक्का मारकर फरार हो गया। इस बीच घटना की जानकारी पचंबा थाना पुलिस को मिलने के बाद पचंबा पुलिस भी घटनास्थल पहुंची। और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद होम गार्ड कैंप में श्रद्धाजंलि सभा किया गया।