LatestNewsगिरिडीहझारखण्डपॉलिटिक्स

राशि के मनमाने वितरण के खिलाफ जिप सदस्यों ने किया आक्रोश पूर्ण प्रदर्शन

  • पदाधिकारियों के साथ वार्ता के बाद आंदोलन हुआ स्थगित
  • कहा वार्ता में सहमति बने बिंदुओं पर कार्रवाई नहीं होने पर इससे भी बड़ा होगा आंदोलन

गिरिडीह। जिला परिषद गिरिडीह में आबद्ध एवं अनाबद्ध राशि के मनमाने वितरण के खिलाफ सोमवार को भाकपा माले से जुड़े सभी जिप सदस्यों ने अपने समर्थकों संग जिला परिषद कार्यालय के समक्ष आक्रोश पूर्ण प्रदर्शन किया और अनिश्चितकालीन धरना पर बैठ गये। इस दौरान सभी राशि के समान वितरण की मांग की। आंदोलनकारियों की ओर से पक्षपात पूर्ण तरीके से राशि आवंटन किये जाने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की गई।


हालांकि कुछ घंटे धरना चलने के उपरांत जिला अभियंता भोला राम तथा जिला पंचायत राज पदाधिकारी शिव शंकर प्रसाद की ओर से आंदोलनकारियों को वार्ता के लिए बुलाया गया। आंदोलनकारी अपने मुद्दों पर वार्ता करने के लिए तैयार हो गए और माले नेता सह पूर्व जिप सदस्य राजेश यादव, मन्नोवर हसन बंटी, जयंती चौधरी आदि की अगुवाई में सभी जिप सदस्यों ने वार्ता में भाग लिया।

वार्ता क्रम में आंदोलनकारी जिप सदस्यों के क्षेत्रों से संबंधित अनुशंसित योजनाओं की समीक्षा की गई। समीक्षा के उपरांत जिप सदस्यों के क्षेत्रों से कई योजनाओं को भी इसमें शामिल कर लेने पर सहमति बनी। बाद में जिप सदस्यों के प्रतिनिधि मंडल ने सहमति के बिंदुओं से उप विकास आयुक्त को भी अवगत कराते हुए उनसे भी इस पर शीघ्र अमल करवाने का आग्रह किया।

वार्ता से संतुष्ट होने के बाद जिप सदस्यों ने आंदोलन को स्थगित करते हुए कहा कि वे अभी आंदोलन को स्थगित कर रहे हैं। लेकिन, यदि वार्ता के दौरान सहमति बने बिंदुओं पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे पुनः इससे भी बड़ा आंदोलन शुरू कर देंगे।

प्रदर्शन में जिप सदस्य मनोवर हसन बंटी, जयंती चौधरी, पूनम महतो, गजेंद्र महतो, रेखा अग्रवाल, किरण कुमारी, सरिता महतो, कैलाश यादव सहित जिप सदस्य नीनू संथालिया के प्रतिनिधि विनय संथालिया तथा आसमा खातून के प्रतिनिधि मुस्तकीम अंसारी मुख्य रूप से शामिल थे। वहीं, प्रदर्शनकारियों के साथ भाकपा माले नेता सह पूर्व जिप सदस्य राजेश यादव, राजेश सिन्हा, रामेश्वर चौधरी, पवन महतो, संतोष कुमार, पप्पू खान, प्रीति भास्कर, उज्जवल साव, कन्हैया सिंह, सनातन साहू, निशान्त भाष्कर समेत जिप सदस्य के इलाके से आए कई समर्थक भी शामिल थे।

Please follow and like us:
Show Buttons
Hide Buttons