जन आशीर्वाद यात्रा से पूर्व केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने किया प्रेस कॉन्फ्रेंस
- कहा प्रधानमंत्री ने बनाया है सर्व समावेशी गुलदस्ता, हर वर्ग को मिला सम्मान
- राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत करेंगी कार्य
कोडरमा। जन आशीर्वाद यात्रा से पूर्व पत्रकारों से बात करते हुए सांसद अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार सर्व समावेशी गुलदस्ते के रूप मे कैबिनेट का गठन हुआ है। इसमें सभी तबकों को उचित प्रतिनिधित्व मिला है। केंद्रीय कैबिनेट में 27 ओबीसी मंत्री, 12 एससी और 8 एसटी मंत्री शामिल किए गए हैं। इसमें महिला, युवा के साथ सभी को प्रतिनिधित्व का अवसर मिला है। कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार शुरुआत से ही सबका साथ सबका विश्वास और सबका विकास मूलमंत्र के साथ समाज के कमजोर और वंचित तबके के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उनका सम्मान बढ़ाया गया है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट में पहली बार कोडरमा लोकसभा क्षेत्र को प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। यह कोडरमा और पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। पूरे झारखंड की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों एवं उपलब्धियों को बताने के लिए जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के द्वारा और जनता के आशीर्वाद से जो नेतृत्व मिला है। ईमानदारी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करूंगी। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा का जो दायित्व मिला है उस पर खरी उतरूंगी। शिक्षा समवर्ती सूची में आता है। प्रधानमंत्री के द्वारा लगातार शिक्षा के क्षेत्र में दृष्टिगत रखते हुए आगे कार्य किया जा रहा है। राज्य के साथ समन्वय स्थापित कर इसे आगे बढाऊंगी।
कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के 1 वर्ष पूरे हो गए हैं शिक्षा के साथ व्यवसायिक शिक्षा भी लाया गया है। इसके लिए कक्षा 6 से ही इसकी सुविधा मुहैया कराई जा रही है साथ ही इंजीनियरिंग मेडिकल में भी भारतीय भाषा में पढ़ाई करने की शुरुआत हुई है। शिक्षा नीति के लागू होने से समृद्ध भारत बनेगा।
कहा कि लोकसभा के मानसून सत्र के दौरान विपक्ष के भारी विरोध और अमर्यादित आचरण के बावजूद 20 बिल पारित कराए गए हैं, जो आम जनमानस के हित में है। पीएम मोदी के नेतृत्व में पहली बार ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया गया है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट के लिए केंद्रीय कोटा में ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। इससे इस तबके के 5500 अतिरिक्त छात्रों को प्रवेश का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 देश के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इसके तहत बच्चों एवं युवाओं को व्यावहारिक शिक्षा के साथ-साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त होगी।
मौके पर कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, प्रदेश प्रवक्ता अमित कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष नितेश चंद्रवंशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाईक, अनिवेश कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे।