सड़क निर्माण में लगे मजदूरों की माओवादियों ने कि पिटाई
गिरिडीह-जमुई के सीमावर्ती इलाके के बरमोरिया पंचायत में हो रहा है सड़क निर्माण
गिरिडीह। माओवादियों के हथियारबंद दस्ते ने बुधवार की देर रात बिहार के जमुई जिले के चकाई थाना इलाके के नक्सल प्रभावित बरमोरिया पंचायत में जेसीबी चालक और मजदूरों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना झारखंड-बिहार सीमावर्ती इलाके के जमुई का बताया जा रहा है। लेकिन गिरिडीह के भेलवाघाटी थाना के करीब है। लिहाजा, जानकारी मिलने के बाद घटना के दुसरे दिन जमुई के अभियान एएसपी सुधांशु कुमार के साथ चकाई थाना प्रभारी राजीव कुमार और गिरिडीह के भेलवाघाटी थाना प्रभारी प्रशांत कुमार भी जवानों के साथ घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी लिया। जानकारी के अनुसार घटना मध्यरात्रि की बताई जा रही है। इसी दौरान वर्दी पहने हथियार लिए 20 की संख्या में लोग बरमोरिया पंचायत के दुम्मा पहुंचे। जहां दुम्मा से पथरिया तक बन रहे सड़क और पुल निर्माण कार्य के योजना स्थल मड़वा गांव पर मौजूद जेसीबी चालक और मजदूरों के साथ मारपीट किया।
जानकारी के अनुसार अचानक हथियार के साथ अज्ञात लोगों को देख कर चालक और मजदूर भी डर गए। इस दौरान एक मजदूर वहां से भगाने का प्रयास किया तो माओवादी ने उसे दौड़ाकर पकड़ा और जमकर पिटाई की। जानकारी के अनुसार माओवादियों ने जिस चालक और मजदूरों को पीटा है उसमें जेसीबी चालक प्रकाश यादव हजारीबाग के बरही निवासी और भेलवाघाटी थाना इलाके के चिरुडीह गांव निवासी रूपन यादव शामिल है।
फिलहाल, चालक और मजदूरों के साथ माओवादियों द्वारा किए गए पिटाई का कारण स्पष्ट तो नही हुआ है। लेकिन इस योजना में लेवी नही मिलना पिटाई का कारण बताया जा रहा है।