गावां थाना क्षेत्र के परसौनी में संचालित ईट भट्टा में मिली दो मजदूरों की लाश
- परिजनों को बिना जानकारी दिए पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
- पुलिस के रवैये से नाराज परिजनों ने किया सड़क जाम, लगाया हत्या का आरोप
गिरिडीह। गावां थाना क्षेत्र के परसौनी में संचालित एक बंगला ईट भट्टा में दो मजदूरों की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। ईट भट्टा के पास शव मिलने से जहां इलाका में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची गावां पुलिस दोनो शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच में जुट गई है।
बता दें कि मृतक गावां थाना क्षेत्र के हरला निवासी केसर राजवंशी का 27 वर्षीय पुत्र संजय राजवंशी व जमडार निवासी केलू मुर्मू का 30 वर्षीय पुत्र सुरेश मुर्मू है। जानकारी के अनुसार दोनों मृतक परसौनी स्थित संजय यादव के बंगला ईट भट्ठे में मजदूरी का कार्य किया करते थे। रविवार की अहले सुबह दोनो मजदूरों का शव ईट भट्ठे में मिला। जिसके बाद ग्रामीणों में कई तरह के चर्चे होने लगे। लोग अपने अपने अंदाजे लगा रहे हैं। कोई कह रहा है कि दोनों की मौत भट्टा में आग लगने के बाद दम घुटने से हुई है। तो कोई दोनो मजदूरों को मार कर भट्ठे में फेंक दिए जाने की बात कर रहा है।

इधर जब संजय राजवंशी के परिजनों व जिला परिषद सदस्य पवन चौधरी को घटना की जानकारी मिली तो वे गावां थाना पहुंच कर बिना परिजनों को सूचना दिए पोस्टमार्टम के लिए शव को भेजे जाने पर कड़ी आपत्ति जताया। घटना और पुलिस के रवैये से नाराज सभी परिजन व ग्रामीण गावां सतगावां मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
जानकारी देते हुए मृतक संजय के परिजनों ने बताया कि उनके पुत्र की मृत्यु होने की जानकारी काफी देर बाद उन्हें मिली है। उनका पुत्र संजय यादव के ईट भट्टा में मजदूरी का कार्य करता था। उसकी मौत कैसे हुई इसका उन्हे कोई जानकारी नहीं है किंतु उन्हे आशंका है कि उनके पुत्र को कोई मार डाला है। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस बिना उन्हे बुलाए या जानकारी दिए ही उनके बेटे के शव को पोस्टमार्टम में भेज दी है।
इधर खबर लिखे जाने तक मृतक संजय के परिजनों द्वारा गावां सतगावां मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर पुलिस प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की जा रही थी।