दिल्ली के उपमुख्यमंत्री के गिरफ्तारी आप कार्यकर्ताओं में आक्रोश
- जुलूस निकालकर किया प्रदर्शन, पीएम का जलाया पुतला
गिरिडीह। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई द्वारा आबकारी नीति मामले में रविवार को गिरफ्तार किए जाने के बाद आप नेताओं व कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने सोमवार को गिरिडीह में भी आक्रोश मार्च निकाला और टावर चौक पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन किया। रैली में अडानी से यारी देश से गद्दारी नहीं चलेगी नहीं चलेगी, अडानी से यारी मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी शर्म करो शर्म करो, मनीष सिसोदिया तुझे सलाम सरीखे नारे लगाते हुए टावर चौक पहुंचे और पीएम का पुतला दहन किया।
मौके पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि प्रदेश संयोजक डीएन सिंह के निर्देश पर पूरे झारखंड में आक्रोश प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश का नाम लेकर मोदी पूरे देश को बेचने में लगे हुए है। देश को शिक्षा और स्वास्थ्य का मॉडल देने वाले को जेल भेजा जा रहा है और लाखों करोड़ों का घोटाला करने वालों के साथ दोस्ती निभाई जा रही है। कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की केंद्र सरकार पूरी तरह से तानाशाह हो गई है।

वहीं प्रदेश संगठन मंत्री दिनेश यादव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर आम आदमी पार्टी की बढ़़ती लोकप्रियता से भाजपा पूरी तरह से घबरा गई है और घबराहट में दमनकारी करवाई कर रही है। युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि मोदी के दमनकारी नीति का आम आदमी पार्टी घोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि पूरे देश की जनता सब देख रही है और जनता आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी।
आक्रोश मार्च को प्रदेश संगठन मंत्री दिनेश यादव, जिला उपाध्यक्ष रोजन अंसारी, विधानसभा प्रभारी निर्मल प्रसाद महतो, मेहबूब अंसारी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। वहीं प्रदर्शन में पीरटांड़ प्रखंड अध्यक्ष सीताराम महतो, प्रखंड सचिव राजेश महतो, सोशल मीडिया दानिश आलम, मुर्शीद मिर्जा, मो सोहराब रैन, सकलदेव यादव सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे।