झारखण्ड में योगी की नहीं हेमंत की सरकार है: बन्ना गुप्ता
गिरिडीह। राज्य में दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वालों की खैर नहीं। झारखण्ड में योगी की सरकार नहीं बल्कि हेमंत सोरेन की सरकार है। यहां की बहनों को हेमंत सरकार पर पूरा भरोसा है। उक्त बातें सूबे के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कही। वे मंगलवार को चुनाव प्रचार में शामिल होने सुपौल जाने के क्रम में कुछ देर के लिए सर्किट हाउस में रूके थे। इस दौरान उन्होने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में सांप्रदायिक दंगों और लोगों के मौलिक अधिकारों का हनन नहीं होने दिया जाएगा। कहा कि गठबंधन की सरकार में एक भी व्यक्ति के साथ गलत नहीं होगा।
भाजपा बगैर तथ्य के आरोप लगाने में माहिर

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में दुष्कर्म की 12 घटना भी भाजपा सामने नहीं ला सकती है। भाजपा बगैर तत्य के सिर्फ आरोप की राजनीति में माहिर है। राज्य मंे 12 सौ दुष्कर्म की घटना कहां और कब हुई है यह भाजपा साबित कर दिखाए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह यूपी नहीं है और यहां योगी की सरकार भी नहीं है जो दुष्कर्म की घटनाओं पर आंख मूंद ले। राज्य की बहनों के साथ ऐसे घटनाओं को अंजाम देने वालों की खैर नहीं। उन्होने संथाल परगना में हुए आदिवासी युवती के साथ दुष्कर्म की घटना पर खेद जताते हुए कहा कि खुद सीएम हेमंत सोरेन ने मामले को गंभीरता से लिया है।
शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की हालत पहले से बेहतर
स्वास्थ्य मंत्री ने शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए बताया कि उनका स्वास्थ्य पहले से बेहतर है। हालांकि उनकी हालत अब भी स्थिर बनी हुई है। कहा कि उनके बड़े भाई के समान स्वास्थ्य मंत्री जल्द ही स्वस्थ्य होकर क्षेत्र में लौटेंगे और जनसेवा से खुद को जोड़ेंगे।
कांग्रेस व झामुमो कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के गिरिडीह पहुंचने पर कांग्रेस व झामुमो कार्यकर्ताओं ने उनका जमकर स्वागत किया। इस दौरान विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, कांग्रेस नेता नवीन चाौरसिया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेश वर्मा, बलराम यादव, मुकेश साहा, तनवीर हयात, साबिर हुसैन लाडला, अशोक विश्वकर्मा सहित अन्य ने उन्हें बुके देकर स्वागत किया।