गिरिडीह के सरिया के प्रवासी मजदूर की गुजरात में मौत
गिरिडीहः
गिरिडीह के सरिया के प्रवासी मजदूर सहदेव महतो की मौत मंगलवार की सुबह गुजरात में हो गई। 40 वर्षीय सहदेव की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में भी कोहराम मच गया। पत्नी सहोदरी देवी समेत पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल था। परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेवारी मृतक सहदेव पर ही था। घटना की जानकारी मिलने के बाद सरिया के कनाडीह गांव में कई समाजिक कार्यकर्ताओं की भीड़ मृतक के घर जुटी। मृतक की पत्नी के अलावे परिवार में दो बच्चे भी है। जिनके पढ़ाई से लेकर भरण-पोषण का जिम्मा इसी सहदेव पर था। जानकारी के अनुसार परिवार के भरण-पोषण के लिए मृतक सहदेव नौकरी के लिए गुजरात गया हुआ था।

मृतक गुजरात में रिलांयस कंपनी में काम करता था। बीतें शुक्रवार को पेट में तेज दर्द होने के बाद उसे गुजरात के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां वो शुक्रवार से ही इलाजरत था, लेकिन सोमवार को हालात अधिक बिगड़ने के बाद मंगलवार की सुबह उसकी मौत हो गई। इधर प्रवासी मजदूर सहदेव की मौत के बाद अब उसके शव को सरिया लाने की तैयारी की जा रही थी।