माले विधायक ने किया बरहमोरिया में ऑक्सीजन सपोर्टेड वार्ड का उद्घाटन
- विधायक विनोद सिंह के विधायक मद की राशि से तैयार किया गया है 20 बेड का वार्ड
- वार्ड के तैयार होने से विषम परिस्थिति में कोविड के मरीजों को होगा फायदा: विनोद सिंह
गिरिडीह। भाकपा माले के बगोदर विधायक विनोद कुमार सिंह के मद से दी गई करीब पांच लाख की राशि से बरहमोरिया स्थित अस्थाई कोविड अस्पताल में 20 बेड के एक ऑक्सीजन सपोर्टेड वार्ड का निर्माण किया गया है। जिसका बुधवार को विधायक विनोद सिंह के द्वारा फिता काटकर उद्घाटन किया गया।
मौके पर विधायक ने कहा कि कोविड जैसी विकट परिस्थिति में समय पर लोगों के लिए ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड की अत्यंत आवश्यकता होती है। जिला का अस्पताल होने के नाते स्वाभाविक रूप से यहां मरीजों का इलाज करने का दबाव अधिक रहता है। इसलिए उन्होंने अपने मद से राशि उपलब्ध कराई थी, जिससे यह वार्ड बनकर तैयार हुआ है। विधायक श्री सिंह ने कहा कि, कोविड का खतरा अभी पूरी तरह से गया नहीं है, इसलिए इस वार्ड के बन कर तैयार हो जाने से किसी भी विषम परिस्थिति में इसका लाभ मरीजों को मिल सकेगा।

मौके पर माले नेता राजेश कुमार यादव, राजेश सिन्हा, गौरव कुमार, उज्जवल साव, सनातन साव के अलावा संवेदक तुषार कुमार आदि मौजूद थे।