हंगामे के बीच झारखंड सरकार के वितमंत्री ने पेश किया 91 हजार 270 करोड़ का बजट
कोई नया टैक्स नहीं, मजदूरों और किसानों पर किया गया फोकस
रांची। झारखंड सरकार के वित्तमंत्री रामेश्वर उरांव ने बुघवार को सत्र के दौरान 91 हजार 270 करोड़ का बजट पेश किया। वित्तमंत्री उरांव ने करीब 1 घंटा 15 मिनट के भाषण में राज्य का 91270 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। बजट में न तो कोई नया टैक्स लगाया गया है और न ही पुराने कर में वृद्धि की गई है। बजट में मजदूरों और किसानों पर फोकस किया गया है। किसानों के लिए कृषि ऋण माफी योजना आई तो मनरेगा मजदूरों की मजदूरी में 31 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए 18 हजार 653 करोड़ का प्रावधान किया जा रहा है, जो पिछले साल से 11 प्रतिशत अधिक है। हलांकि बजट पढ़ने के दौरान वित्त मंत्री को भाजपा विधायकों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा विधायकों से शांत होने की अपील की, लेकिन वह नहीं माने और शोर करते रहें। इधर मंत्री उरांव भी लगातार बजट पढ़ते रहे और उनका भाषण समाप्त होेने के बाद विधानसभा को गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
- झारखंड मिल्क फेडरेशन की मदद से जमशेदपुर और गिरिडीह में नए प्लांट और रांची में मिल्क प्रोडक्ट उत्पादन प्लांट लगाने की योजना।
- 2.65 लाख मिट्रिक टन मछली उत्पादन का लक्ष्य है। मत्स्य बीज ग्रामीणों को दिए जाएंगे। जलाशयों के मछुआरों को मत्स्य अनुदान दिया जाएगा।
- दुमका जिले में भूमिगत मेगथिया पाइपलाइन सिंचाई योजना आरंभ की जाएगी। जिससे कृषकों को सामाजिक और आर्थिक मदद मिलेगा।
- 213 आहर, तालाब की मरम्मति और सिंचाई योजनाओं को प्रस्तावित किया जाएगा।
- फूलो-झानो योजना के तहत हड़िया-दारू निर्माण से हटा आजिविका के साधनों से जोड़ा जाएगा।
- बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत 26 हजार एकड़ में फलदार पौधे रोपे जाएंगे।
- नीलांबर-पीतांबर योजना के तहत 1 लाख हेक्टेयर भूमि के उपचार का लक्ष्य रखा गया है।
- बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर आवास योजना के तहत 32,244 में 20 हजार आवास पूरे कर लिए गए हैं। 3 हजार नए आवास बनाए जाएंगे।
- 2.43 लाख नए आवास बनाए जाएंगे। पिछली सरकार में केवल मुखिया को राशि मिलती थी। इस साल सभी को मिलेगी।
- जिला पंचायत और राज्य पंचायत संसाधन केंद्र के रखरखाव और संरक्षण के लिए राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
- राज्य के सभी नागरिकों के लिए राज्य भर के जिला के अस्पतालों में कोविड टीकाकरण कक्ष की स्थापना की गई है।
- 129 केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा।
- सदर अस्पताल की नई बिल्डिंग रांची से शुरू हो जाएगी।
- गुरुजी किचन नामक नई योजना शुरू की जाएगी।
- राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से लाभार्थियों को धोती-साड़ी एवं लुंगी का वितरण किया जाएगा।
- शहरी जलापूर्ति योजना के माध्यम से लोगों को नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
- नगरी क्षेत्र में सॉलिड वेस्ट मैनेजेंट 24 जिलों में व्यवस्थित की जाएगी।
- एससी, एसटी और अन्य पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए 10 युवाओं को विदेश के यूनिवर्सिटी में पढ़ने भेजा जाएगा।
- राज्य के बुजुर्गों को विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए एक हेल्पलाइन स्थापित की जाएगी।
- यूनीवर्सल पेंशन स्कीम योजना शुरू होगी, इसमें वृद्ध, विधवा, दिव्यांग लाभान्वित होंगे।
- 60 साल से ज्यादा उम्र वाले गरीबों का पेंशन कार्ड बनाया जाएगा।