कोविड काल में लोगोें के सहयोग में जुटी है माले की टीम
- पार्टी ने सर्कुलर जारी कर कार्यकर्ताओं को सहयोग में मुस्तैद रहने का दिया निर्देश
- विधायक विनोद सिंह भी क्षेत्र में है सक्रिय
गिरिडीह। भाकपा माले की टीम गिरिडीह जिले में कोविड काल में जरूरतमंदों के सहयोग में जुटी है। विगत 22 अप्रैल को पार्टी स्थापना दिवस पर इस आशय का एक संकल्प भी लिया गया था और पार्टी की जिला कमेटी ने सभी सक्रिय कार्यकर्ताओं को पीड़ितों के सहयोग में मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है। इस बार कोरोना की खतरनाक लहर को देखते हुए माले की टीम के द्वारा लोगों को विशेष एहतियात बरतने की भी सलाह दी जा रही है। कोविड के नियमों का पूरी तरह अनुपालन करने तथा मास्क तथा सैनिटाइजर का हमेशा उपयोग करने को कहा गया है।
पार्टी विधायक विनोद सिंह खुद बगोदर क्षेत्र में मुस्तैद हैं। उनके साथ पार्टी के कई नेता कार्यकर्ता भी सहयोग में हैं, तो पूर्व विधायक राजकुमार यादव भी अपने विधानसभा क्षेत्र धनवार इलाके के सभी कार्यकर्ताओं के साथ सहयोग में जुटे हैं। यद्यपि पूर्व विधायक राजकुमार यादव खुद भी कोरोना पॉजिटिव होकर अपने आवास बिसनीटीकर (गांवाँ) में होम कवारेंटिन हैं, लेकिन वे फोन पर इसके लिए साथियों से संपर्क बनाए हुए हैं।
शहरी क्षेत्र व गांडेय की जिम्मेवारी राजेश यादव व राजेश सिन्हा के कंधे
इधर शहरी क्षेत्र तथा गांडेय विधानसभा क्षेत्र में पार्टी नेता राजेश कुमार यादव और राजेश कुमार सिन्हा अपने अगुवा साथियों के साथ लगातार पीड़ितों की खोज खबर ले रहे हैं। शनिवार को सभी सदर अस्पताल गिरिडीह में मरीजों के इलाज का जायजा लेने पहुंचे और मरीजों के लिए उपलब्ध व्यवस्था को नाकाफी बताते हुए सरकार से अविलंब बेहतर व्यवस्था मुकम्मल करने की मांग की।
पार्टी से जुड़े रमेश कुमार यादव, अखिलेश राज, मेहताब अली मिर्जा, सलामत अंसारी, शिवनंदन यादव, रामलाल मंडल समेत कई प्रमुख साथियों के मोबाइल नंबर को भी हेल्पलाइन के रूप में जारी किया गया है।