LatestNewsगिरिडीहझारखण्डराज्य

आइडिया संस्था ने केन्दुआ एफपीओ से जुड़े किसानों के बीच किया फलदार पौधों का वितरण

  • पेड़ है तो हम हैं, लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए लगाने चाहिए दस पेड़: मुखिया

गिरिडीह। जमुआ प्रखंड के केन्दुआ पंचायत के ग्राम पलरा में आइडिया संस्था ने गूंज नई दिल्ली और आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति बोकारो के सौजन्य से रविवार को केन्दुआ एफपीओ से जुड़े किसानों के बीच फलदार पौधों का वितरण किया। पौधा वितरण कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया आशा देवी ने किसानों के बीच अमरूद, नींबू, कटहल, अनार सहित कई पौधों का वितरण किया। फलदार पौधा वितरण कार्यक्रम के बाद वृक्षारोपण की शुरूआत मुखिया ने अपनी जमीन पर वृक्षारोपण करके किया।

मौके पर मुखिया आशा देवी ने कहा कि पेड़ है तो हम हैं। पेड़ ही हमें जीवन देता है। हम जो आक्सीजन के रूप में सांस लेते हैं वह आक्सीजन हमें पेड़ पौधों से मिलती है। तेजी से हो रहे जलवायु परिवर्तन से निजात पाने के लिए और मानव जीवन को बचाने में पेड़ों की भूमिका अहम होगी। इसलिए हर व्यक्ति कम से कम दस दस पेड़ लगायें और उसको बचाने का संकल्प लें। आइडिया के प्रोग्राम डायरेक्टर संतोष पाण्डेय ने कहा कि फलदार पौधों को लगाने से किसानों की आमदनी भी बढ़ेगी और पर्यावरण सुरक्षित भी रहेगा।

आइडिया के प्रोग्राम क़ो-आर्डिनेटर मुकेश कुमार ने किसानों के बीच कुछ इमारती लकड़ी के लिए शीशम पेड़ का वितरण किया और कहा कि आज किसान दस पेड़ लगायें किसानों के लिए यही पेड़ बुढ़ापे का सहारा बनेगा। केन्दुआ एफपीओ के चीफ मैनेजिंग डायरेक्टर पवन कुमार वर्मा ने कहा कि एफपीओ से जुड़े किसानों के बीच दो हजार पौधों के वितरण का लक्ष्य रखा गया है। कहा कि वृक्षारोपण कर गाँव में हरियाली लाई जाएगी। इसके लिए आज पौधा वितरण की शुरूआत की गई है। कहा कि बंजर जमीन पर भी पेड़ लगाकर किसान अपनी आमदनी दोगुनी कर सकते हैं।

कार्यक्रम में केन्दुआ एफपीओ के डायरेक्टर रंजीत कुमार मंडल, राखी वर्मा, उमेश मंडल, रविन्द्र मंडल, संगीता देवी, आरती देवी, त्रिभुवन मंडल, गायत्री देवी, कलावती देवी, कल्पना देवी, बबीता देवी, रूबी देवी, सबीता देवी, सहित कई लोग मौजूद थे।

Please follow and like us:
Show Buttons
Hide Buttons