जिलाबदर पूर्व वार्ड पार्षद सह भाजपा नेता शिवम को पुलिस ने किया गिरफ्तार
- दो तीन दिनों से अपने घर में रह रहा था शिवम आजाद
गिरिडीह। जिलाबदर होने के बाद भी गैर कानूनी तरीके से घर पर रह रहे पूर्व वार्ड पार्षद सह भाजपा नेता शिवम श्रीवास्तव को नगर पुलिस ने शनिवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। नगर थाना प्रभारी राम नारायण चौधरी ने गुप्त सूचना के आधर अहले सुबह दल बल के साथ शिवम के बक्सीडीह रोड स्थित उसके घर पहुंचे। इस दौरान पुलिस को देखते ही शिवम भागने का प्रयास करते हुए घर के छत से बगल के दूसरे घर के छत पर कूद गया। जिससे उसका पैर टूट गया और पुलिस जवान उसे दबोचने में सफल रहे। पुलिस ने जिलाबदर आरोपी को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। पुलिस उसका इलाज कराने के लिए धनबाद पीएमसीएच लेकर गई है।
बताया जाता है कि शिवम आजाद के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने के कारण उसे छह माह के लिए जिला बदर किया गया था, लेकिन वह बीच-बीच में गिरिडीह आना-जाना कर रहा था। हालांकि इस बार वह पुलिस को चकमा नहीं दे पाया और पुलिस ने शिवम को गिरफ्तार कर लिया।
इस बाबत नगर थाना प्रभारी आरएन चौधरी ने बताया कि शिवम आजाद को तड़ीपार किया गया है, इसके बावजूद वह पिछले तीन दिन से नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नम्बर 18 बक्सीडीह रोड़ स्थित अपने घर में रह रहा था। कहा कि जानकारी मिलने के बाद उसे घर से गिरफ्तार कर लिया गया है।