अवैध माइका कारोबार के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई जारी
- कोडरमा से गिरिडीह आ रहे त्रिमुर्ति यात्री बस से जप्त किया करीब डेढ़ लाख का माइका
- बस में कोडरमा के निमाडीह में लोड हुआ था मइका, जांच में जूटे वन विभाग के अधिकारी
गिरिडीह। माइका कारोबार के खिलाफ गिरिडीह वन प्रमंडल द्वारा की पिछले कुछ दिनों से लगातार कारवाई की जा रही है। इस क्रम में जहां शहर में दो फैक्ट्री को अब तक सील करने के साथ ही फैक्ट्री मालिक के खिलाफ केस तक दर्ज किया जा चुका है। वहीं रविवार को वन प्रमंडल के अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक यात्री बस से करीब तीन क्विंटल माइका जब्त किया है। यह कार्रवाई डीएफओ प्रवेश अग्रवाल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर रेंजर एसके रवि द्वारा त्रिमुर्ति नामक यात्री बस में छापेमारी कर चार बोरे में करीब डेढ़ लाख का माइका जब्त किया है। इस दौरान बस को भी वन विभाग के कार्यालय ले जाया गया है और बस के उप चालक से पूछताछ की गई।

जानकारी के अनुसार कोडरमा से यात्रियों को लेकर त्रिमुत्री यात्री बस गिरिडीह आ रही थी। कोडरमा से आने के क्रम में माइका से भरे बोरे को कोडरमा के निमाडीह में लोड किया गया था। हालांकि माइका अवैध है वैध, ये फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है और न ही ये स्पष्ट हो पाया है कि बस में माइका से भरा बोरा किसके इशारे पर लोड किया गया था और गिरिडीह में किस माइका फैक्ट्री में डंप होना था।