LatestNewsकोडरमाझारखण्ड

उपायुक्त आदित्य रंजन ने किया सतगावां प्रखंड का दौरा

  • दीदी कैफे का किया उद्घाटन
  • विभागों का भ्रमण कर पदाधिकारी व कर्मियों से लिया परिचय
  • प्रखंड व अंचल कार्यालय की छोटी-छोटी कमियों को दूर करने का दिया निर्देश

कोडरमा। केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल में उतारने व उन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला व प्रखंड स्तर के विभिन्न कार्यालयों की कार्य संस्कृति में बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन का हर संभव प्रयास है कि किसी कार्य से कार्यालय आने वाले आगंतुको को किसी भी तरह परेशानी न हो। इसी उद्देश्य से उपायुक्त द्वारा प्रखंड व अंचल कार्यालयों का भ्रमण कर कार्यों का जायजा लिया जा रहा है। इसी कड़ी में उपायुक्त आदित्य रंजन ने शुक्रवार को सतगावां प्रखंड का दौरा किया। दौरे के क्रम में उपायुक्त ने प्रखंड व अंचल कार्यालय के साथ-साथ पेट्रो जलप्रपात एवं घोड़सिमर मंदिर का निरीक्षण किया।

उपायुक्त ने प्रखंड व अंचल कार्यालय के सभी विभागों का भ्रमण कर पदाधिकारी व कर्मियों से परिचय प्राप्त किया और उनके कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पाया कि प्रखंड व अंचल कार्यालय में कर्मियों के द्वारा बेहतर कार्य किये जा रहे हैं। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी को प्रखंड व अंचल कार्यालय की छोटी-छोटी कमियों को दुरुस्त करने को कहा। उपायुक्त ने प्रखंड व अंचल कार्यालय के आगत-निर्गत पंजी, पारिवारिक सूची, लॉक बुक, ऑनलाइन दाखिल खारिज रिपोर्ट, संदिग्ध जमाबंदी का रिपोर्ट का अवलोकन भी किया। कार्यालय के संचिका संधारण एवं रख रखाव की जांच करते हुए सभी कर्मियों को कर्तव्यनिष्ट होकर कार्य करने को कहा।

प्रखंड व अंचल आये ग्रामीणों की समस्याओं से उपायुक्त हुए रूबरू

उपायुक्त आदित्य रंजन प्रखंड कार्यालय आये आमजनों से बात-चीत करते हुए उनकी समस्या से रूबरू हुए औऱ प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी को आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई कर मामले का समय से निस्पादन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रखंड या अंचल कार्यालय में किसी भी कार्य से आने वाले आमजनों की समस्या का निदान नियमावली के तहत ससमय करें।

पौधारोपण कर दिया पार्यावरण संरक्षण करने का संदेश

उपायुक्त आदित्य रंजन, वन प्रमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त लोकेश मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने प्रखंड कार्यालय के प्रवेश द्वार के समक्ष पौधारोपण कर जल व पार्यावरण संरक्षण करने का संदेश दिये। उन्होंने कहा कि पार्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण जरुरी है, और सभी लोगों को अपने स्तर से एक-एक पौधा लगाने का अहवान किया। इस क्रम में उपायुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त व अनुमंडल पदाधिकारी ने संयुक्त रुप से प्रखंड कार्यालय परिसर में दीदी कैफे का फीता काटकर उद्घाटन किया।

उपायुक्त ने पेट्रो जलप्रपात का किया निरीक्षण

उपायुक्त श्री रंजन के द्वारा पेट्रो जल प्रपात को पर्यटन के क्षेत्र में ओर बेहतर करने को लेकर निरीक्षण किया गया। इस क्रम में उन्होंने पर्यटन के क्षेत्र में और उनके आधारभूत संरचना के विकास के लिए किये गये कार्यों की जानकारी प्राप्त किये। उपायुक्त ने पेट्रो जलप्रपात में पर्यटन के क्षेत्र में ओर बेहतर करने के लिए पर्यटन पदाधिकारी को आवश्यक प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिये।


घोड़सिमर मंदिर का लिया जायजा

उपायुक्त श्री रंजन ने पुरात्विक अवशेषों को समेट हुए घोड़सिमर मंदिर का जायजा लिया। इस क्रम में उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस मंदिर के चारों तरफ पौधारोपण करें और नियमित रुप से साफ-सफाई करें। उन्होंने आमजनों को आश्वासन देते हुए कहा कि इस मंदिर को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन के द्वारा हरसंभव प्रयास किया जायेगा।

मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त लोकेश मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी वैद्यनाथ उरांव एवं प्रखंड व अंचल के कर्मी मौजूद थे।

Please follow and like us:
Show Buttons
Hide Buttons