संक्रमण रोग खसरा व रुबैला से बचाव को लेकर ब्लॉक टास्क फोर्स की हुई बैठक
- बीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
गिरिडीह। गावां प्रखंड मुख्यालय में शनिवार को संक्रमण रोग खसरा व रूबैला से बचाव को लेकर ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ महेंद्र रविदास ने की, वहीं बैठक में प्रखण्ड चिकित्सा पदाधिकारी, शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी सहित अन्य विभाग के कर्मी उपस्थित थे। बैठक में बच्चों के बीच तेजी से फेल रहे खसरा व रुबेला के संक्रमण की रोकथाम को लेकर कई निर्णय लिए गए। साथ ही इसके प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए भी रणनीति तय की गई।
बैठक के दौरान जानकारी देते हुए स्वास्थ्य विभाग के बीपीएम प्रमोद बरनवाल ने बताया कि भारत सरकार निजिल्स का वर्ष 2023 का एलिमिनेशन किया जाना है। किन्तु 2022 2023 में विभिन्न जिलों में मिजिल्स का आउटबेक होना चिंता का विषय है। झारखण्ड के गिरिडीह जिला में सबसे अधिक मिजिल्स के केस दर्ज किये गये हैं। इसी संदर्भ में भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा झारखण्ड के नौ जिलों में 12 अप्रैल से 5 मई तक 09 माह से 15 वर्ष के सभी बच्चों के लिए एमआर कैंपेन चलाने का निर्णय लिया गया है। इसे लेकर सभी विभाग के कर्मचारियों का प्रशिक्षण कराया जायेगा। प्रशिक्षण में स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास परियोजना, शिक्षा विभाग व आपूर्ति विभाग को शामिल किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान इन सभी विभाग से जुड़े लोगों को संक्रमण से बचाव व लोगों को जागरूक करने हेतु प्रशिक्षित किया जाएगा।
कहा कि दोनों बीमारी बिल्कुल चिकन पॉक्स से मिलती जुलती है और इसके लक्षण भी बिल्कुल वैसा ही है। इसका तत्वरित इलाज नहीं होने पर इससे मृत्यु तक हो सकती है। बताया कि प्रखंड के सभी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्र, पीडीएस दुकान आदि में बच्चों को टीकाकरण के लिए अभियान चलाया जायेगा।




