सदर विधायक से मिले चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारी
- ज्ञापन देते हुए कृषि मंत्री द्वारा लागू किए गए विधेयक को लेकर जताया विरोध
गिरिडीह। झारखंड के कृषि मंत्री द्वारा विधानसभा से पारित किए गए कृषि कानून विधेयक के विरोध में शुक्रवार को चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों ने सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात की और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान चैंबर के पदाधिकारियों के साथ गई व्यवसायी भी मौजूद थे। सभी ने कृषि मंत्री बादल पत्रलेख द्वारा लाए गए कृषि कानून विधेयक का विरोध किया।
मौके पर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अरविन्द कुमार, सचिव राहुल बर्मन, कोषाध्यक्ष विकास कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि झारखंड एक खनिज प्रधान राज्य है। यहाँ खाद्यान्न से आमदनी ना के बराबर होती है। कृषि बिल 2022 पारित होने के कारण खाद्यान्न व्यवसायियों में भारी निराशा है जिसके फलस्वरूप गिरिडीह जिला समेत पूरे झारखंड में खाद्यान्न की बिक्री पूर्ण रूप से बंद है। कहा कि इस काले कानून के लागू होने खाद्यान्न व्यवसायियों, खाद्यान्न कारखाने एवं कृषक भी आर्थिक रूप से प्रभावित होंगे।
इस दौरान सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने चैम्बर के पदाधिकारियों व व्यवसायियों को आश्वासन देते हुए कहा कि वे इस मामले में मुख्यमंत्री व कृषिमंत्री से वार्ता करेंगे। कहा कि व्यवसायियों व जनता के हित को देखते हुए ही कार्य किया जायेगा।




